फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की सफलता को लेकर शिवाजीनगर में बैठक, 10 फरवरी से सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम शुरू

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की सफलता को लेकर शिवाजीनगर में बैठक, 10 फरवरी से सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम शुरू

Doorbeen News Desk: फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत उच्च विद्यालय के सभागार में शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता बीईओ राम जन्म सिंह ने की, जबकि संचालन पूर्व बीआरपी सह प्रधानाध्यापक बालमुकुंद सिंह के द्वारा किया गया।

बैठक में प्रखंड क्षेत्र के सभी प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं प्रधान शिक्षक शामिल हुए। बैठक में बताया गया कि शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत कुल 142 विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 17 उच्च विद्यालय, 43 मध्य विद्यालय तथा 82 प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं।

सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के प्रति विशेष जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया गया, ताकि विद्यालय स्तर से लेकर गांव टोले तक इस अभियान का व्यापक प्रचार प्रसार हो सके। बीईओ राम जन्म सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने सभी एचएम से अपील की कि वे अपने अपने विद्यालयों में बच्चों और अभिभावकों को जागरूक करें तथा अभियान को जन आंदोलन का यतरूप देने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि विद्यालय समाज का महत्वपूर्ण केंद्र होता है,

इसलिए यहां से दिया गया संदेश गांव और पंचायत तक प्रभावी ढंग से पहुंचता है।बीईओ ने बैठक में समय पर रिपोर्टिंग को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी एचएम यह सुनिश्चित करें कि अभियान से संबंधित सभी रिपोर्ट समय पर प्रखंड कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएं।

साथ ही उन्होंने अपार कार्ड बनाने की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रखंड क्षेत्र में यह कार्य संतोषजनक नहीं है। उन्होंने निर्देश दिया कि बिना आधार कार्ड वाले बच्चों के अभिभावकों से तत्काल संपर्क कर आधार कार्ड बनवाया जाए तथा अपार कार्ड के लक्ष्य को अविलंब पूरा किया जाए।

बैठक के दौरान यू-डायस डेटा में पाए गए अंतर को शीघ्र ठीक करने का भी निर्देश दिया गया। इसके अलावा ई शिक्षा कोष पोर्टल पर बच्चों के डेटा को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र छात्रों तक पहुंच सके।

इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 10 फरवरी से 27 फरवरी तक प्रखंड की सभी पंचायतों में सर्वजन दवा सेवन एमडीए अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान दो वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को अल्बेंडातजोल, डीईसी और आइवरमेक्टिन की एकल खुराक दी जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह दवा दो वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा गंभीर रोगों से ग्रस्त व्यक्तियों को नहीं दी जाएगी।
एमडीए कोऑर्डिनेटर अभिषेक कुमार ने उपस्थित एचएम और अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि फाइलेरिया हाथीपांव जैसी बीमारी से गांव और परिवार को सुरक्षित रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि जब आशा कार्यकर्ता या स्वास्थ्यकर्मी घर आएं, तो उनके सामने ही दवा का सेवन अवश्य करें। यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और साल में केवल एक बार खानी होती है, लेकिन इसका लाभ पूरे परिवार को मिलता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और दूसरों को भी दवा सेवन के लिए प्रेरित करें। उन्होंने नारा देते हुए कहा

10 फरवरी से दवा खाइए, फाइलेरिया भगाइए! उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों से आग्रह किया कि वे अपने विद्यालयों में बच्चों को दवा सेवन के लिए प्रेरित करें तथा गांव में भी लोगों को जागरूक कर अभियान को सफल बनाएं।
बैठक में स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्ला, प्रवीण कुमार, प्रधानाध्यापक अवधेश कुमार चौधरी,

रविंद्र कुमार, संजीव कुमार सिंह, सतनारायण आर्य, प्रमोद पासवान, प्रदीप कुमार, सरिता कुमारी, रामनाथ पंडित, मृत्युंजय कुमार सिंह, मदन कुमार, राजकुमार मुखिया, संगीता कुमारी, प्रधान शिक्षक मोहम्मद अब्दुल्ला, अजय कुमार राय, उमेश प्रसाद राय, शांति भूषण, संजीव कुमार, नीलू कुमारी, संतोष कुमार, नंदन कुमारी, अमित मिश्रा, विशिष्ट शिक्षक सोहन कुमार सहित अन्य थे।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों और शिक्षकों ने फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयास से शिवाजीनगर प्रखंड को फाइलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में यह अभियान मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *