विमेंस कॉलेज समस्तीपुर की यूथ फेस्टिवल ‘अनंतनाद’ में शानदार उपलब्धि, प्रतिभागियों का हुआ भव्य स्वागत

व्हाट्सएप से जुडने को यहां क्लीक करें

विमेंस कॉलेज समस्तीपुर की यूथ फेस्टिवल ‘अनंतनाद’ में शानदार उपलब्धि, प्रतिभागियों का हुआ भव्य स्वागत

Doorbeen News Desk: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के परिसर में आयोजित चार दिवसीय अंतर-महाविद्यालय यूथ फेस्टिवल ‘अनंतनाद’ में भाग लेकर लौटी विमेंस कॉलेज, समस्तीपुर की टीम का महाविद्यालय परिसर में गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

इस अवसर पर प्रतिभागियों एवं टीम मैनेजर के सम्मान में एक स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ अरुण कुमार कर्ण ने की, जबकि मंच संचालन महाविद्यालय की स्पोर्ट्स एंड कल्चर पदाधिकारी डॉ संगीता द्वारा किया गया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ कर्ण ने छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रतिभागियों की दृढ़ इच्छाशक्ति एवं टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में इससे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए छात्राओं को प्रेरित किया तथा स्पोर्ट्स एंड कल्चर विभाग के कुशल नेतृत्व की सराहना की।

स्पोर्ट्स एंड कल्चर पदाधिकारी डॉ संगीता ने अपने संबोधन में कहा कि यह सफलता महाविद्यालय के प्रगतिशील एवं मार्गदर्शक नेतृत्व का प्रतिफल है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के प्रत्येक चरण में प्राचार्य महोदय का मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद पूरी टीम को निरंतर मिलता रहा। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के सहयोग की प्रशंसा करते हुए टीम मैनेजर डॉ चंदन सिन्हा की कार्यकुशलता की भी सराहना की।

गौरतलब है कि दिनांक 10 जनवरी 2026 से 13 जनवरी 2026 तक ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के परिसर में आयोजित इस अंतर-महाविद्यालय यूथ फेस्टिवल में विश्वविद्यालय के अंतर्गत कुल 17 महाविद्यालयों की टीमों ने सहभागिता की। प्रतियोगिताओं में विमेंस कॉलेज, समस्तीपुर ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विधाओं में स्थान प्राप्त किया

स्किट में द्वितीय स्थान, ग्रुप सॉन्ग (इंडियन) में तृतीय स्थान, क्लासिकल वोकल सोलो में तृतीय स्थान, कोलाज में द्वितीय स्थान, एलोकेशन (अंग्रेज़ी) में तृतीय स्थान, फोक डांस में तृतीय स्थान, माइम एवं लाइट वोकल सोलो में चतुर्थ स्थान तथा वन एक्ट प्ले में पंचम स्थान प्राप्त किया।

कुल मिलाकर, यूथ फेस्टिवल ‘अनंतनाद’ में शामिल 17 महाविद्यालयों में विमेंस कॉलेज, समस्तीपुर ने ओवरऑल पाँचवाँ स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। इस उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ अरुण कुमार कर्ण ने हर्ष व्यक्त किया और पूरी टीम को बधाई दी।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ विजय कुमार गुप्ता, डॉ सोनी सलोनी, डॉ सुरेश साह, डॉ स्मिता कुमारी, डॉ मधुलिका मिश्रा, डॉ कविता वर्मा, डॉ अपूर्वा मुले, डॉ पिंकी कुमारी सहित सभी शिक्षक शिक्षिकाएं एवं सभी प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *