सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों के साथ भव्य सार्वजनिक बोल बम पूजा, उमडे श्रद्धालु

व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें

सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों के साथ भव्य सार्वजनिक बोल बम पूजा, उमडे श्रद्धालु

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत रजौर रामभद्रपुर पंचायत के रमौल गांव दुर्गा मंदिर परिसर में मंगलवार को आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। सार्वजनिक बम समिति के तत्वावधान में सवा लाख मिट्टी से निर्मित पार्थिव शिवलिंगों की भव्य सार्वजनिक बोल बम पूजा का आयोजन किया गया।

इस महादेव पूजा में रमौल गांव सहित आसपास के कई गांवों से आए करीब 5000 श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के अवसर पर पांच कलशों की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से जल भरकर उसे पूजा मंडप में स्थापित किया। इसके पश्चात पांच विद्वान पंडित गजेंद्र झा, लोटन झा, आनंद झा, दीपक झा सहित अन्य पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की गई।

पूरे पूजा स्थल पर बने मंडप को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने पार्थिव शिवलिंगों पर जल, दूध, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव से परिवार, गांव और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

पूजा अर्चना में महिलाओं, पुरुषों के साथ साथ बच्चों की भी उत्साहपूर्वक भागीदारी देखने को मिली। पूरे दिन बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से क्षेत्र गूंजता रहा। ग्रामीण श्रद्धालुओं ने बताया कि रमौल गांव में सार्वजनिक बोल बम पूजा की परंपरा करीब 50 वर्षों से लगातार चली आ रही है।

इस वर्ष पूजा के मुख्य जजमान सुधीर कुमार सिंह थे, जिनके साथ उनकी धर्मपत्नी भी विधि-विधान से पूजा में सम्मिलित रहीं। ग्रामीणों ने यह भी जानकारी दी कि आगामी 15 जनवरी को गांव से बोल बम कमरिया बैजनाथ धाम के लिए रवाना होंगे। परंपरा के अनुसार सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर कमरिया पैदल यात्रा करते हुए बाबा बैजनाथ धाम में जल अर्पित करेंगे।

यह यात्रा बसंत पंचमी तक चलती रहती है, जिसमें मिथिलांचल क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांवरिए बाबा बैजनाथ धाम पहुंचते हैं। मौके पर रोहित मंडल, विनोद कुमार सिंह, रामाश्रय मंडल, सीत मंडल, डीलर प्रदीप सिंह, सुभाष मंडल, रामनाथ सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर सार्वजनिक बम पूजा के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *