गमगामी के साथ संपन्न हुई पंचायत समिति की सामान्य बैठक, जनप्रतिनिधियों ने उठाए विकास से जुड़े कई अहम मुद्दे

व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें

गमगामी के साथ संपन्न हुई पंचायत समिति की सामान्य बैठक, जनप्रतिनिधियों ने उठाए विकास से जुड़े कई अहम मुद्दे

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित मनरेगा भवन सभागार में मंगलवार को पंचायत समिति की सामान्य बैठक गमगामी और नए वर्ष की शुभकामनाओं के बीच संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार ने की, जबकि संचालन बीडीओ आलोक कुमार सिंह ने किया। बैठक के प्रारंभ में प्रखंड प्रमुख एवं बीडीओ द्वारा उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों और जनप्रतिनिधियों को नए साल की शुभकामनाएं दी गईं तथा गमछा देकर सम्मानित किया गया, जिससे सदन का माहौल सौहार्दपूर्ण बना।

बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं और कार्यों की विस्तृत जानकारी सदन को दी। बीडीओ आलोक कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकारी स्तर से प्रखंड को 200 कंबल प्राप्त हुए हैं, जिन्हें पंचायत समिति सदस्य एवं मुखिया आपसी समन्वय से जरूरतमंदों के बीच वितरित करेंगे। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ वितरण सुनिश्चित करने की अपील की। श्रम विभाग की पदाधिकारी नीलू कुमारी ने प्रवासी मजदूरों से संबंधित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना की स्थिति में प्रवासी दुर्घटना योजना के तहत दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती है।

वहीं 18 वर्ष से अधिक उम्र के प्रवासी मजदूर की स्वाभाविक मृत्यु पर 50 हजार रुपये की सहायता का प्रावधान है। उन्होंने यह भी बताया कि 14 वर्ष से कम उम्र के श्रमिकों को चिन्हित कर विशेष निगरानी रखी जाती है। सीओ वीणा भारती ने आंचल से संबंधित कार्यों, राजस्व मामलों और लंबित समस्याओं पर विस्तृत जानकारी सदन के समक्ष रखी। बीपीआरओ नाजिश प्रवीण ने पंचायती राज विभाग की योजनाओं, पंचायतों के अधिकार और कर्तव्यों पर विस्तार से चर्चा की। मनरेगा पीओ बबलू कुमार ने मनरेगा से जुड़े कार्यों, मजदूरी भुगतान, योजना चयन और पारदर्शिता पर प्रकाश डाला।वहीं सीडीपीओ निभा कुमारी ने बाल विकास परियोजना, आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति और पोषण योजनाओं की जानकारी दी।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी पंचायतों से जुड़ी समस्याओं को मुखर होकर उठाया।

दसौत पंचायत के पंचायत समिति सदस्य मोहन झा ने कहा कि उनके चार वर्ष छह माह के कार्यकाल में पंचायत में एक भी योजना संचालित नहीं हुई है, जिससे पंचायत उपेक्षित स्थिति में है। रजौर रामभद्रपुर पंचायत के मुखिया रामचंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि आवास योजना की जनगणना की जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों को तक नहीं दी जा रही है, जो गंभीर विषय है।

परसा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य सरोज कुमार ने नए प्रखंड सह अंचल भवन में जल्द से जल्द शिफ्टिंग की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो इसके लिए धरना प्रदर्शन भी किया जाएगा। साथ ही उन्होंने शिवाजीनगर थाना को शिवाजीनगर में ही बनाए रखने की मांग करते हुए कहा कि अन्यथा शिवाजीनगर का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा।

दसौत पंचायत के मुखिया नटवर राय ने पंचायत कर्मियों द्वारा पंचायत भवन पर नहीं बैठने और किसान चौपाल के आयोजन में मुखिया को सूचना नहीं देने पर नाराजगी जाहिर की। शंकरपुर पंचायत की मुखिया विभा कुमारी ने आशा चयन को लेकर ग्राम सभा में हुई अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि ग्राम सभा में मैनेजर और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की उपस्थिति के बावजूद किसी अन्य व्यक्ति को बहाल करने का प्रयास किया गया, जिसके कारण अब तक आशा की बहाली नहीं हो सकी है।

जाखर धरमपुर पंचायत के पंचायत समिति सदस्य शंभू बैठा ने मॉडल विद्यालय में गार्ड की बहाली और विधि व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। उन्होंने बताया कि देखरेख के अभाव में असामाजिक तत्वों द्वारा विद्यालय भवन को क्षतिग्रस्त किया गया है। वहीं पंचायत समिति सदस्य बैद्यनाथ मुखिया ने प्राथमिक विद्यालय कोलहट्टा बाहापार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय बनाने की मांग की, ताकि बच्चों को वर्ग छह की पढ़ाई के लिए छह किलोमीटर दूर भिरहा न जाना पड़े। बैठक में बीएओ सतीश कुमार, बीईओ रामजन्म सिंह, एमओ राकेश कुमार रंजन, जेई आकाश वर्मा, स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्लाह, पीएचसी प्रभारी, प्रखंड समन्वयक हरिनाथ सिंह, तकनीकी सहायक विकास कुमार, दीप सागर, मुखिया दुखा मुखिया, सुनैना देवी, संजीव कुमार पासवान, विनोद पासवान, सरिता कुमारी, अनीता देवी, अशर्फी सहनी, पंचायत समिति सदस्य सीताराम यादव, मदनेश्वर झा, आशा कुमारी, अवधेश कुमार, खुशबू कुमारी सहित कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *