व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें
कहर : बिहार में एक सप्ताह तक ठंड से नहीं मिलेगी राहत, राज्य में सर्द पछुआ से ठिठुरन और कनकनी
Doorbeen News Desk: राज्य में एक सप्ताह तक ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। देश के पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी से बिहार में भी सर्द पछुआ का प्रवाह हो रहा है। इससे शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं। लोगों को दिन में भी ठिठुरन और कनकनी का एहसास हो रहा है। सोमवार को उत्तर बिहार के कुछ जिलों में शीत दिवस और कोहरे की चेतावनी है।


वहीं दक्षिण बिहार में रात के तापमान में गिरावट होगी। इससे प्रदेश में ठंड और बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देश के मैदानी इलाकों में ठंड अभी ठिठुराएगी। रविवार को सुबह के समय सूबे के ज्यादातर शहरों में घने से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा। वहीं प्रदेश के ज्यादातर शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई।

बिहार का न्यूनतम तापमान 8.2 से 14.5 और अधिकतम तापमान 13.8 से 19.5 डिग्री के बीच रहा। सबसे कम तापमान 8.2 डिग्री छपरा और सबसे अधिक तापमान 19.5 डिग्री शेखपुरा में दर्ज हुआ। वहीं सुबह के समय सबसे कम दृश्यता 50 मीटर वाल्मीकिनगर में रही। राज्यभर में 8 से 12 किलोमीटर की रफ्तार से बर्फीली हवा चली।






