व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें
धान खरीद में अनियमितता बरतने पर दरभंगा के डीसीओ निलंबित
Doorbeen News Desk: धान खरीद में अनियमितता बरतने पर सहकारिता विभाग ने दरभंगा के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी कुमार विनय को निलंबित कर दिया है। दरभंगा डीएम की अनुशंसा पर विभाग ने यह कार्रवाई की है।
जिला की ओर से आई रिपोर्ट के अनुसार खरीफ विपणन मौसम 2025-26 में धान अधिप्राप्ति के क्रम में सिंहवाड़ा प्रखंड अन्तर्गत सनहपुर पैक्स की ओर से 155 क्विंटल धान की अधिप्राप्ति कर संबंधित किसानों को 3 लाख 71 हजार 70 रुपए का भुगतान कराया गया, लेकिन 22 नवंबर 2025 को जिला सहकारिता पदाधिकारी, दरभंगा द्वारा गोदाम के सत्यापन एवं जांच के क्रम में उक्त पैक्स के गोदाम में मात्र 39 क्विंटल धान ही पाया गया।

विभाग ने कुमार विनय का यह कृत्य धान अधिप्राप्ति जैसे महत्वपूर्ण योजना के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही एवं समिति द्वारा किसानों से धान खरीद कर सरकारी राशि के गबन में सहयोग करने का द्योतक है। निबंधक, सहयोग समितियां रजनीश कुमार सिंह ने धान अधिप्राप्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं संलिप्तता पाये जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कहते हुए धान अधिप्राप्ति कार्य को तत्परता से करने का निर्देश दिया है। ताकि धान अधिप्राप्ति के शत-प्रतिशत लक्ष्य को ससमय प्राप्त किया जा सके।

वहीं विभाग ने छह सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों का स्थानान्तरण किया है। इसके तहत पंकज कुमार को रूपौली, राकेश कुमार को प्रतापगंज, राजेश कुमार भारती को बासोपट्टी, संजीव कुमार सिंह को काशीचक प्रखंड में पदस्थापित किया गया है। मनीष रंजन को जिला सहकारिता पदाधिकारी किशनगंज के कार्यालय और आनंद कुमार शर्मा को कोचाधामन प्रखंड में पदस्थापित किया गया है।







