समस्तीपुर। समस्तीपुर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर आठ बदमाशों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस को यह उपलब्धि दलसिंहसराय व रोसड़ा पुलिस को मिली। रोसड़ा पुलिस ने थाना क्षेत्र के रहुआ से देसी कट्टा के साथ दो बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस संबंध में इंस्पेक्टर मुकेश कुमार मंडल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी थाना क्षेत्र के मोतीपुर निवासी गंगाराम सहनी का पुत्र मनीष कुमार तथा इसी गांव के परिक्षण सहनी का पुत्र उजित कुमार है।


उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के रहुआ मिल्की में मोतीपुर गांव से आकर कुछ लोग विवाद कर रहे हैं । इस पर पहुंची गश्ती दल ने दोनों आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। तलाशी में उजित कुमार की कमर से एक देसी कट्टा मिला। वहीं दोनों के पॉकेट से मोबाइल मिली। इंस्पेक्टर ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि रविवार रात मोतीपुर गांव से बारात रहुआ मिल्की आयी थी। शादी में किसी बात को लेकर बाराती में कुछ लड़कों का विवाद रहुआ गांव के लड़कों से हो गया था। अगले दिन मोतीपुर से कुछ लड़के असलहा के साथ रहुआ पहुंचे थे। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले में एएसआई दुर्बल साह के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर दोनों युवकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


इधर, उजियारपुर थाना क्षेत्र में सात मार्च को सीएसपी संचालक अमित कुमार से लूटपाट का प्रयास मामले में शामिल तीन बदमाश समेत कुल 6 बदमाशो को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनके पास से एक देसी कट्टा एवं घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गयी है। इनमे कर्पूरीग्राम थाना के बाघी निवासी रामश्रय राय का पुत्र अरविंद कुमार, अरविंद सिंह का पुत्र राजा कुमार,

आधारपुर निवासी प्रेमलाल सिंह का पुत्र संजीव कुमार सिंह, सुरेश सिंह का पुत्र चंदन कुमार, मुसरीघरारी थाना के फतेहपुर बाझा निवासी नथुनी दास का पुत्र राजेश कुमार उर्फ केटीएम एवं उजियारपुर थाना के सूरजपुर के जालिम सहनी का पुत्र मोनू कुमार शामिल है। इनकी गिरफ्तारी उजियारपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के नेतृत्व में की गई।

बताया गया है कि गिरफ्तार बदमाशों का आपराधिक इतिहास है। कोर्ट के निर्देश पर मंगलवार को सभी को जेल भेज दिया गया। डीएसपी ने बताया कि इन बदमाशों से पूछताछ के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्र में घटित कई लूट की घटनाओं का भी खुलासा हुआ है। पुलिस की सजगता से एक बड़ी घटना टल गई।





