समस्तीपुर। एक तरफ जहां डेंगू को लेकर सरकार प्रचार प्रसार करते हुए घरों के आसपास जल जमाव नहीं होने देने की अपील कर रही है। वहीं सदर अस्पताल में जल जमाव की समस्या दूर नहीं हो पा रही है। जिसके कारण मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ-साथ डॉक्टर व कर्मियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने एवं नाला का लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण जल निकासी नहीं हो पा रहा है। जिसके कारण डेंगू वार्ड एवं पीकू वार्ड के सामने काफी दिनों से जल जमाव की समस्या बनी हुई है।


इसके अलावे नशामुक्ति केंद्र एवं पोषण पुनर्वास केंद्र के सामने भी नाला से ओवरफ्लो होकर पानी निकलता रहा है। जिसके कारण यहां भी जल जमाव होने से काफी काई लग गया है। इससे मरीज एवं परिजनों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। काई लगने से लोग फिसल कर चोटिल हो रहे हैं। वहीं डेंगू वार्ड एवं पीकू वार्ड के सामने जल जमाव के कारण कर्मियों को अपना जूता चप्पल उतारकर जाना पड़ता है। वहीं मरीजों को इसी पानी होकर निकलना पड़ता है।


सदर अस्पताल के पश्चिम साइड में डायलिसिस एवं फिजियोथेरेपी बुजुर्ग वार्ड है। जिसके कारण डायलिसिस एवं फिजियोथेरेपी में जाने वाले मरीजों को काफी समस्या झेलनी पड़ती है। वहीं ब्लड बैंक, कुष्ठ प्रभागा, आरटीपीसीआर लैब, दवा स्टोर जाने वाले को भी इसी गंदे पानी हेलकर जाना पड़ता है। बतादें कि बारिश नहीं होने के बावजूद एमसीएच भवन के निर्माण के दौरान पानी का प्रयोग किए जाने के कारण यहां जल जमाव की समस्या लगी रहती है।


शहर के अलावे सदर अस्पताल में भी मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है। जिसके कारण शाम व रात को कौन कहें दिन में भी मच्छरों के काटने से मरीज व परिजन काफी परेशान होते हैं। वहीं जल जमाव के कारण कर्मियों में भी डेंगू के मच्छरों का डर बना रहता है। बतादें कि डेंगू का मच्छर जल जमाव के कारण ही पनपता है।





