समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के रोसड़ा शहर के फकीरना मोहल्ला स्थित एक निजी नर्सिंग में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत हो गयी। जिसके बाद गुस्साए परिजन ने नर्सिंग होम के समक्ष जमकर हंगामा किया। वहीं घटना के बाद डॉक्टर व कर्मी नर्सिंग होम छोड़कर फरार हो गए। घटना सोमवार की है। मृतका की पहचान बेगूसराय जिला के छौड़ाही ओपी क्षेत्र के ऐजनी गांव निवासी अरविंद यादव की पत्नी बबीता देवी (27) बतायी गयी है। मृतका के पति अरविंद यादव ने बताया कि उनकी पत्नी बबीता देवी बच्चेदानी का ऑपरेशन कराने को उक्त निजी नर्सिंग होम में भर्ती हुई थी। भर्ती के वक्त उनकी पत्नी भली-चंगी थी।



चिकित्सको द्वारा किसी प्रकार की कोई बात नहीं बतायी गयी थी। पर सोमवार की सुबह बताया गया कि उनकी पत्नी को ब्लड की जरूरत है जबकि उनकी पत्नी की मौत हो चुकी थी। परिजन नर्सिंग होम के चिकित्सक व कर्मी पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। परिजन का कहना था कि जब घटना घट गयी तो इसकी बगैर सूचना दिए चिकित्सक व कर्मी फरार हो गए। इधर, सूचना पर रोसड़ा पुलिस भी पहुंची। हालांकि इस दौरान पीड़ित पक्ष शव लेकर अपने घर चल गए। बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता कर लिया गया है। इस संबंध में नगर इंस्पेक्टर प्रसुन्जय कुमार ने बताया कि अब तक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराया गया है। अगर शिकायत आती तो अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।








