समस्तीपुर। समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित संत कबीर महाविद्यालय में बीए पार्ट 1 की परीक्षा के दौरान एक छात्र की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई। गर्मी की वजह से कई अन्य छात्र भी बेहोश हो गए। मृतक छात्र की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई है । इधर छात्र की मौत की खबर मिलते ही छात्रों में आक्रोश भड़क गया । आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज में जमकर तोड़फोड़ किया। छात्रों के आक्रोश को देखते हुए कॉलेज के प्रिंसिपल और कर्मी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने ही सदर एसडीओ दिलीप कुमार , डीएसपी संजय कुमार पांडेय, मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच आक्रोशित छात्रों को समझाने बुझा कर शांत किया।



घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि संत कबीर महाविद्यालय में बीए पार्ट 1 की परीक्षा चल रही थी। परीक्षा के दौरान गर्मी की वजह से एक छात्र बेहोश हो गया। इसके बाद वहां मौजूद शिक्षक और छात्रों के द्वारा छात्र को कमरे से निकल बाहर कुर्सी पर बिठाया गया और एंबुलेंस को सूचना दी गई । एंबुलेंस के देर से पहुंचने से छात्रों का आक्रोश भड़क गया। नाराज छात्रों ने एंबुलेंस को बैरंग वापस कर दिया। इधर घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बेहोश छात्रा को अस्पताल भिजवाया । जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आक्रोशित छात्रों का कहना है कि इस भीषण गर्मी में परीक्षा हॉल में न तो पंखे की व्यवस्था की गई थी और न ही पानी का इंतजाम किया गया था । गर्मी की वजह से कई अन्य छात्र – छात्राएं भी बेहोश हो गई ।


घटना के संबंध में सदर एसडीओ दिलीप कुमार का बताना है कि गर्मी की वजह से छात्र की तबीयत बिगड़ गई थी । जिसको इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया जहां उसकी मौत हो गई है । फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है । मामले की जांच कराई जाएगी । अगर कॉलेज प्रशासन की लापरवाही सामने आती है उस पर भी कार्रवाई की जाएगी। इधर आक्रोश छात्रो ने समस्तीपुर पटेल गोलंबर को जाम कर दिया। जिससे यातायात बाधित हो गयी। बाद में पुलिस काफी मशक्कत से स्थिति को सँभाला और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।







