बेगूसराय में शिक्षक निकला मिनी गन फैक्टरी का संचालक, हथियार बनाकर कर रहा था सप्लाई, पुलिस की छापेमारी में खुलासा

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

बेगूसराय। शिक्षक द्वारा स्कूल में एवं कोचिंग में छात्रों को शिक्षा का ज्ञान दिया जाता है। साथ ही तरह-तरह की उपयोगी जानकारी देकर बच्चों को योग्य नागरिक बनाया जाता है, तभी तो शिक्षक को राष्ट्र निर्माता भी कहा जाता है। लेकिन बिहार में कुछ शिक्षक ने शिक्षा को छोड़ अपराध की पाठशाला खोल रखी है। यह शिक्षक जहां अपराध एवं अपराध से जुड़े कार्यों में संलिप्त पाए गए हैं। एक शिक्षक मिनी गन फैक्ट्री का संचालक निकला। इसका खुलासा बेगूसराय पुलिस ने छापेमारी के बाद की। इसके बाद पुलिस भी शिक्षक की इस करतूत से अचंभित हैं। बेगूसराय जिले के लाखो ओपी क्षेत्र के पचपन टोला में जिला पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त छापेमारी में मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया। जिसका संचालक मुंगेर जिले का शिक्षक निकला। उक्त जानकारी देते हुए बेगूसराय एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस हत्थे चढ़े बदमाशों में मिनी गन फैक्ट्री का संचालक मुंगेर जिले के कोतवाली थाना के हाजी सुजान निवासी राजेन्द्र चौधरी का पुत्र राजकुमार चौधरी, मुफस्सिल थाना के सुतरखाना निवासी राजकुमार चौधरी का पुत्र अजय कुमार चौधरी है, दोनों आपस में रिश्तेदार हैं व पेशे से शिक्षक हैं।

इसके अलावा मुफस्सिल थाना के मुबारकचक निवासी स्व. नारायण तांती का पुत्र प्रवीण कुमार तांती, कासिम बाजार थाना के हजरतगंज निवासी मो. शलिम का पुत्र मो. इकबाल, कोतवाली थाना के हाजी सुजान निवासी अशोक चौधरी का पुत्र अमित कुमार चौधरी और नंदु चौधरी का पुत्र अशोक चौधरी का नाम शामिल है। साथ ही मकान मालिक की पत्नी व पुत्री व एक अन्य महिला को भी गिरफ्तार किया गया। सभी नौ बदमाशों को जेल भेज दिया गया है। कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता करते हुए एसपी ने बताया कि मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया है।

एसपी ने बताया कि छापेमारी के दौरान बदमाशों के पास से एक लेथ मशीन, एक मिलिंग मशीन, एक ड्रिल मशीन, एक ग्राइंडर मशीन, एक कटर मशीन, 12 अर्द्ध निर्मित पिस्टल, 24 पीस बैरल, छह मोबाइल, दो बाइक व नगद 18 हजार रुपये बरामद किये गये। पुलिस गिरफ्त में आये बदमाशों ने मिनी गन फैक्ट्री संचालन में अपनी संलिप्ता स्वीकार करते हुए यह भी जानकारी दी कि पश्चिम बंगाल में भी मिनी गन फैक्ट्री संचालन के आरोप में जेल जा चुका है। साथ ही यह भी बताया कि हथियार बनाने के लिए वह कहां से कच्चा माल लाता था। साथ ही कहां-कहां निर्मित हथियार को कितने में व कहां-कहां बेचता था।

एसपी ने बताया कि 25 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि लाखो ओपी क्षेत्र के पचपन टोल गांव में बटेरन राय के पुत्र परमानंद राय के घर में अवैध तरीके से हथियार का निर्माण किया जा रहा है। उसके बाद सदर एसडीपीओ अमित कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। उसके बाद सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश राय, लाखो ओपी अध्यक्ष प्रमोद कुमार,एसटीएफ एसओजी वन व तीन, अभियान दल 10 जमालपुर व जिला आसूचना इकाई बेगूसराय की टीम के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान छह पुरूष, मकान मालिक की पत्नी व उनकी पुत्री के अलावा कोरियर का काम करने वाली एक महिला को दबोचा गया। एसपी ने बताया कि मकान मालिक दिल्ली जल बोर्ड का सेवानिवृत कर्मचारी है। वर्तमान में वह दिल्ली में रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *