समस्तीपुर। समस्तीपुर में एक बार फिर बेखौफ़ बदमाशों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए न्यायालय परिसर में अंधाधुंध फायरिंग किया। इस दौरान चार की संख्या में आए बदमाशों ने पेशी के लिए आए दो कैदी को गोली मारकर जख्मी कर दिया। सरेआम दिनदहाड़े हुए गोलीबारी की घटना के बाद वंहा अफरा तफ़री का माहौल हो गया। आनन फानन में दोनों जख़्मी बंदी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां दोनों का इलाज़ जारी है। जख्मी बंदी की पहचान कल्याणपुर थाना के प्रभात चौधरी व मुफस्सिल थाना के दुधपुरा निवासी प्रभात तिवारी के रूप में हुई है।



बताया जाता है कि शराब मामले में बंदी प्रभात चौधरी के अलावे अन्य मामले में दुधपुरा निवासी प्रभात तिवारी की कोर्ट में शनिवार को पेशी थी। कोर्ट रूम से कोर्ट हाजत ले जाने के दौरान चार की संख्या में अपराधियो ने अंधाधुंध फायरिंग कर जख़्मी कर दिया। घटना में चौधरी को जांघ में तो तिवारी के हाथ मे गोली लगी। दिनदहाड़े कोर्ट परिसर में फायरिंग की घटना से जंहा लोग दहशत में है वंही पुलिसिया व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे है। इधर घटना की सूचना मिलते हैं समस्तीपुर एसपी विनय तिवारी, सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय, नगर थाना अध्यक्ष विक्रम आचार्य सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी कोर्ट परिसर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। वही जख्मी दोनों बंदी को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।


इसके बाद घटनास्थल पर मामले की जांच शुरू की गई। इस दौरान घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखा बरामद किया। साथ ही घटनास्थल पर गिरे खून को भी घेराबंदी कर दी। बताया जाता है की घटना को अंजाम देने के बाद चारों अपराधी हाथ में पिस्तौल लहराते हुए पैदल ही मुख्य गेट से बाहर की ओर निकल भागे। इस दौरान सुरक्षा कर्मी के मुख्य गेट पर नहीं रहने के कारण सभी अपराधी आसानी से भागने में सफल रहे। एसपी विनय तिवारी ने कहा कि प्रभात चौधरी शराब के बड़े धंधेबाज है। जिसे एसटीएफ की मदद से गिरफ्तार किया गया था।


घटना के पीछे शराब के धंधेबाज के बीच अदावत सामने आ रही है। घटना की जांच की जा रही है। वहीं सुरक्षा में जो भी चुक हुई है, उसकी समीक्षा कर कोर्ट परिसर में अधिक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त कर दिया जाएगा।





