समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर प्रखंड में पेड़ से एक युवक की लाश लटकी मिली। पेड़ से युवक की लटकी लाश मिलने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गयी और देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ घटना स्थल पर पहुंच गयी। घटना स्थल विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भुसवर पंचायत के वार्ड 13 स्थित सोहजनबाड़ी गाछी है। जहां आम के पेड़ से रस्सी के फंदे से युवक की लाश लटकी हुई थी। मृतक की पहचान भुसवर पंचायत के वार्ड संख्या तीन निवासी लक्ष्मण महतो के 35 वर्षीय पुत्र अशोक कुमार के रूप में की गयी है। शव की पहचान होते ही मृतक के घर कोहराम मच गया। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की सूचना पर पहुंची विभूतिपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।



घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह अशोक कुमार अपने घर यह कहकर निकला था कि वो खेत देखने जा रहा था। लेकिन वह काफी देर बाद भी नहीं पहुंचा। इसी बीच कुछ घंटे के बाद गाछी में अशोक की लाश पेड़ से लटकी होने की सूचना परिजनों को मिली। सूचना मिलते ही परिजनों के अलावे मोहल्ले के अन्य लोग भी घटना स्थल पर पहुंच गए। फिलहाल घटना हत्या है या फिर आत्महत्या इसका खुलासा नहीं हो पाया है। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जांच शुरु की।



साथ ही पेड़ से फंदे से लटके मिले युवक की लाश को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले का खुलासा हो पाएगा। इधर, अशोक की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी संजू देवी, माता सुशील देवी, पिता सहित अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टि यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।






