समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के मुख्तियारपुर सलखनी गांव में एक पेंटर की गोली मार हत्या कर दी गई है। घटना उत्क्रमित मध्य विद्यालय पनरपुरा के बगल में स्थित एक आवासीय मकान की बताई गई है। मृतक की पहचान सलखनी निवासी रामवृक्ष महतो के 28 वर्षीय पुत्र राजू महतो के रूप में की गई है, जो पेंटर का काम किया करता था। मृतक के परिजनों ने बताया कि घटना गुरुवार रात की है। इधर घटना की सूचना मिलते ही परिजनों के बीच कोहरा मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।



मृतक राजू के पिता रामवृक्ष महतो ने बताया कि गांव में शुक्रवार को ब्राह्मण भोजन होना था। जिसको लेकर गांव के लोगों को भी आमंत्रण किया जा रहा था। इसी दौरान राजू अपने दोस्त के साथ गांव में घूम कर लोगों को घर आने का न्योता देने गया था। इसी बीच स्कूल के बगल में स्थित एक आवासीय मकान में वह न्यौता देने गया था। जहां उसे गोली मार दी गई। राजू के पिता ने बताया कि घटना की उसे कोई जानकारी नहीं दी गई। कुछ घंटे के बाद पता चला तो वह एक निजी अस्पताल पहुंचे जहां राजू की मौत हो चुकी थी।




रामवृक्ष महतो ने बताया कि उसके दोस्त के द्वारा ही गोली मारी गई है। इसके बाद इसकी सूचना दलसिंह सराय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही दलसिंहसराय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की जांच की और शव को जप्त कर समस्तीपुर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल घटना के कारण के बारे में परिजन कुछ भी नहीं बता पा रहे हैं। वहीं घटना को लेकर तरह-तरह की आशंका भी जताई जा रही है। अब पुलिसिया जांच में ही इसका खुलासा हो पाएगा की गोली मारने की घटना किस कारण से हुई और किसने गोली मारी।





