समस्तीपुर। विभूतिपुर थाना क्षेत्र के पटपारा में गत चार मार्च 2023 की रात्री में ऑटो चालक मनीष कुमार की हत्या उसके अपने ही दोस्त ने गोली मारकर कर दी थी। आरोपी का मृतक के बहन से अवैध संबंध था। जिसका विरोध करना ही मनीष के हत्या का बना कारण। इस बात का खुलासा एसपी विनय तिवारी ने बुधवार को प्रेसवार्ता में की। पुलिस कार्यालय में उन्होंने बताया कि उक्त घटना के आरोपी खानपुर थाना क्षेत्र के नत्थू द्वार के संजीत कुमार उर्फ सुजीत कुमार और सुमन कुमार राम को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा, एक बाइक और दो मोबाइल बरामद किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद घटना के संबंध में पता चला कि आरोपी संजीत कुमार और मृतक मनीष कुमार जिगरी दोस्त था। मृतक मनीष कुमार ऑटो चलाता था। आरोपी संजीत कुमार उर्फ सुजीत कुमार 10 वीं कक्षा में प्रवेश किया तो उसकी तैयारी करने के लिये वह समस्तीपुर में एक कोचिंग में अपना नामांकन कराया था। नामांकन के बाद आरोपी संजीत कुमार प्रायः मृतक मनीष कुमार के ही ऑटो से ही समस्तीपुर पढ़ने के लिये आने जाने लगा। इसी क्रम में आरोपी संजीत कुमार की दोस्ती मृतक मनीष कुमार से हो गई एवं दोनों एक दूसरे के घर आने जाने लगे।

जब भी संजीत कुमार, मनीष के घर जाता था। इसे मान सम्मान मिलने लगा। इसी बीच आरोपी संजीत कुमार की बात-चीत मृतक मनीष की बहन से होते होते प्यार मोहब्बत में बदल गई। मृतक मनीष कुमार की बहन भी पढ़ने के लिये समस्तीपुर आती थी तो पढ़ने के बहाने से दोनों समस्तीपुर में ही रेस्टोरेंट एवं होटल में मिलने लगे। इन दोनों के बीच पति पत्नी जैसा रिस्ता हो गया। इसी बीच मृतक मनीष कुमार की बहन तीन माह की गर्भवती हो गयी।

जब इस बात की जानकारी मृतक मनीष कुमार को हुई तो वह अपने बहन के साथ मारपीट किया। जिससे उसका गर्भपात हो गया। इस बात की जानकारी मृतक मनीष कुमार की बहन ने अपने प्रेमी आरोपी संजीत कुमार को दी। जिससे वह बौखला गया। ओरोपी अपने दोस्त मृतक को समझाने का प्रयास करता था तो मनीष कुमार इसके साथ गाली गलौज करता था एवं मारपीट पर उतारू हो जाता था। अपनी बहन को मारपीट करता था।

अक्सर मारपीट करने की बात की जानकारी मृतक की बहन अपने प्रेमी आरोपी संजीत कुमार को देती थी। इसी आकोश में आकर आरोपी ने अपने दोस्त मनीष कुमार की हत्या कर देने की बात सोची एवं अपने दोस्त सुमन कुमार राम से एक देशी कट्टा एवं एक गोली मांगा। जिसके एवज में आरोपी ने सुमन कुमार को 500 रूपया भी दिया। घटना की तिथि को सुमन कुमार राम ने आरोपी को एक कट्टा एवं एक गोली मुहैया करायी।

घटना की तिथि को आरोपी अपनी बाइक से ग्राम पटपारा आया और टॉर्च से ऑटो में मनीष कुमार को सोता देख सिर में एक गोली मारकर भाग गया। जिससे घटनास्थल पर ही मनीष की मृत्यु हो गयी। फिर सुबह सांत्वना देने के लिये आरोपी संजीत भी मनीष के घर पहुँच गया। ताकि किसी भी व्यक्ति को कोई शक संदेह न हो।

इसी बीच मानवीय आसूचना संकलन एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपी संजीत कुमार के अपने दोस्त सुमन कुमार राम के साथ मोटरसाईकिल से बजार जाने के क्रम में गिरफ्तार करते ही घटना का खुलासा हो गया। एसआइटी टीम में डीएसपी शिवम कुमार, थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल, पुअनि नवीन कुमार, सअनि दिनेश कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह और मनोज कुमार शामिल थे।

बता दें कि ऑटो चालक मनीष कुमार की हत्या के बाद मृतक के भाई सोनू कुमार शर्मा ने एक प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। जिसमें तीन नामजद एवं दो अज्ञात को आरोपित किया था।





