समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के लिए गुरुवार काला दिन साबित हुआ। दो अलग-अलग स्थानों पर हुई घटना में दो किशोरों सहित 3 की मौत पानी में डूबने से हो गयी। घटना के बाद दोनों गांव में मातम पसर गया है। वहीं घर का एकलौता संतान की मौत से परिजनों से रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के चित्कार को देख सांत्वना देने वाले लोगों की आंखें भी नम हो रही है।

मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के सुलतानपुर दियारा गांव में गुरुवार को गंगा नदी में स्नान करने के दौरान दो किशोरों की मौत हो गयी। मृतक की पहचान सुल्तानपुर गांव के रंजीत सिंह के14 वर्षीय पुत्र संस्कार कुमार उर्फ आर्यन और राजकुमार राय का 10 वर्षीय पुत्र मंगल कुमार के रूप में की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही गांव के सैकड़ों लोग नदी घाट पर पहुंच गयी। वहीं मोहिउद्दीननगर पुलिस भी पहुंच गयी। मिली जानकारी के अनुसार गंगा नदी के जलस्तर में हुई वृद्धि के कारण दियारा इलाके के निचले क्षेत्र में गंगा नदी का पानी भर गया है। जिसमें गांव के ही तीन किशोर घर से निकल कर स्नान करने पहुंच गए।

इसी दौरान अधिक पानी में चले जाने के कारण मंगल डूबने लग गया, यह देख संस्कार उसे बचाने का प्रयास किया। लेकिन दोनों पानी में डूब गए। पानी में मंगल व संस्कार को डूबते देख तीसरा किशोर बाहर निकल कर हल्ला करते गांव की ओर दौड़ गया। फिर घर पर जाकर लोगों को दोनों के डूबने की जानकारी दी।

जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ नदी घाट पर पहुंच गयी। वहीं दोनों किशारों के घर भी कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों किशोरों को पानी से बाहर निकाला,लेकिन तब तक दोनों किशोरों की मौत हो गयी थी। मौत की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया।

वहीं परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जाता है कि मंगल व संस्कार दोनों एकलौता था। एकलौता संतान की मौत के बाद परिजनों सहित गांव में कोहराम मच गया है।
इधर, घटना की सूचना पर पहुंची मोहिउद्दीननगर पुलिस ने दोनों किशोर के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इधर, दूसरी तरफ गुरुवार को दिन में करीब 10 बजे बोचहा बांध पर ठगन महतो का पुत्र अनिल कुमार अपने साथियों के साथ गंगा के ढाब में स्नान करने गया था। बताया गया है कि डुबकी लगाने के बाद वह ऊपर आया ही नहीं। साथियों के हल्ला करने पर घंटो मशक्कत के बाद उसे निकाला गया।






