19 फरवरी 2027 को जयंती के अवसर पर स्थापित होगी छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा, जनसहयोग अभियान तेज

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत शिवाजीनगर बाजार में छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी जोर शोर से चल रही है। प्रतिमा स्थापना को लेकर छत्रपति शिवाजी महाराज विकास मंच की ओर से प्रखंड क्षेत्र में जनसहयोग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रखंड के विभिन्न गांवों से सैकड़ों लोगों ने स्वेच्छा से सहयोग राशि प्रदान की है।

मंच के सदस्य गांव गांव जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और प्रतिमा स्थापना के इस सामाजिक एवं सांस्कृतिक अभियान से जुड़ने की अपील कर रहे हैं। मंच की ओर से बताया गया कि आगामी 19 फरवरी 2027 को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसी लक्ष्य को लेकर सहयोग राशि संग्रह करने का कार्य लगातार जारी है।

प्रतिमा स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रखंड के सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय मॉडल स्कूल प्लस टू उच्च विद्यालय शिवाजीनगर के परिसर में विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर प्रतिमा स्थापना के कार्य की शुरुआत की गई। भूमिपूजन के दौरान उपस्थित लोगों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त की।

भूमिपूजन कार्यक्रम बंडिहा निवासी सेवानिवृत्त प्रोफेसर राजेंद्र प्रसाद सिंह एवं सेवानिवृत्त एक्साइज असिस्टेंट कमिश्नर राम पुकार सिंह के हाथों संपन्न कराया गया। इस दौरान पंडित गजेंद्र नारायण झा एवं गौतम कुमार मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना कराई। धार्मिक अनुष्ठान के बाद उपस्थित लोगों ने प्रतिमा स्थापना की योजना को आगे बढ़ाने और इसे निर्धारित समय पर पूरा करने का संकल्प लिया।

बताया गया कि शिवाजीनगर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित करने की योजना पर पिछले करीब एक वर्ष से कार्य किया जा रहा है। इसके लिए विकास मंच की ओर से जनसहयोग के माध्यम से दान राशि एकत्रित की जा रही थी। प्रखंड के अलग-अलग पंचायतों एवं गांवों में लोगों से संपर्क कर इस अभियान को गति दी गई। अब भूमिपूजन संपन्न होने के बाद प्रतिमा स्थापना की तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा। मंच की योजना है कि जयंती के अवसर पर भव्य प्रतिमा स्थापित कर कार्यक्रम को यादगार बनाया जाए।

छत्रपति शिवाजी महाराज विकास मंच के अध्यक्ष प्रो. नंदकुमार सिंह एवं सांसद प्रतिनिधि सह मंच के सचिव अशोक कुमार सिंह ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज का समाज और राष्ट्र के प्रति महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनका साहस, शौर्य, स्वाभिमान, कुशल नेतृत्व, संगठन क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि शिवाजीनगर का नाम छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर पड़ा है, लेकिन अब तक इस क्षेत्र में उनकी कोई प्रतिमा स्थापित नहीं थी।

इसी कमी को दूर करने और आने वाली पीढ़ियों को उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व से परिचित कराने के उद्देश्य से शिवाजीनगर बाजार में उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थापना केवल एक प्रतिमा लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान, गौरव और महापुरुषों के प्रति सम्मान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है। प्रतिमा के माध्यम से बच्चों, युवाओं और आम लोगों को छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष, पराक्रम और राष्ट्रहित में किए गए कार्यों से प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने प्रखंडवासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करने की अपील की। भूमिपूजन कार्यक्रम में बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह, थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह, प्रो. नंदकुमार सिंह, एचएम रविंद्र कुमार, प्रो. कुंदेश्वर प्रसाद सिन्हा, नवीन कुमार सिंह, पूर्व मुखिया तपेश्वर प्रसाद सिंह, सेवानिवृत्त प्राचार्य नंदकिशोर सिंह, अखिलेश कुमार सिंह, सुशील कुमार सिंह, डॉ. सुनील कुमार सुमन, रामशंकर सिंह, बैजनाथ प्रसाद सिंह, राजेश कुमार सिंह, राम कुमार, राम प्रसाद सिंह, वीरेंद्र मिश्र, ऋतुराज कुमार, संतोष कुमार एवं आनंदी कुमार सहित छत्रपति शिवाजी महाराज विकास मंच के कई सदस्य एवं गणमान्य लोग थे।

*भूकंप से बचाव के लिए बच्चों को दिया प्रशिक्षण, मॉक ड्रिल कर समझाए सुरक्षा के उपाय – Doorbeen News*

भूकंप से बचाव के लिए बच्चों को दिया प्रशिक्षण, मॉक ड्रिल कर समझाए सुरक्षा के उपाय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *