व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। आगामी छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह द्वारा नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न महत्वपूर्ण छठ घाटों का संयुक्त भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया।
इस क्रम में मथुरापुर घाट, प्रधान घाट सहित अन्य प्रमुख छठ घाटों पर पर्व को लेकर की जा रही तैयारियों, साफ-सफाई, घाटों की स्थिति, श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण कर ली जाएं।


घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुगम पहुंच पथ तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी घाटों का सुरक्षा की दृष्टि से समुचित आकलन करते हुए खतरनाक एवं गहरे जल वाले स्थानों को चिह्नित किया जाए तथा आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराई जाए। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
साथ ही भीड़ प्रबंधन एवं यातायात नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसका अनुपालन कराया जाए।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।


घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित गश्ती, यातायात व्यवस्था का सुचारू संचालन तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए।
दोनों वरीय पदाधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए पूरी तत्परता से कार्य करें। पर्व के दौरान स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिला प्रशासन समस्तीपुर छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु प्रतिबद्ध है।

*जिलाधिकारी ने रोसड़ा अनुमंडल के छठ घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व स्वच्छता के दिए कड़े निर्देश – Doorbeen News*
जिलाधिकारी ने रोसड़ा अनुमंडल के छठ घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व स्वच्छता के दिए कड़े निर्देश







