छठ के प्रसाद का पकवान जूठा करने पर मां ने 4 साल की बच्ची को पीटा, मौत; आरोपी मां गिरफ्तार

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen Newe Desk: समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छठ महापर्व की तैयारी के बीच प्रसाद के लिए घर में बनाए जा रहे पकवान को कथित तौर पर जूठा करने से नाराज मां ने अपनी ही चार वर्षीय मासूम बेटी की पिटाई कर दी। पिटाई के बाद बच्ची की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पूसा थाना की पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है।

मृत बच्ची की पहचान पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड संख्या-12 निवासी राजू पासवान की चार वर्षीय पुत्री सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

छठ के प्रसाद के लिए बन रहा था पकवान, इसी दौरान हुई घटना

मिली जानकारी के अनुसार, परिवार में छठ महापर्व की तैयारी चल रही थी। बच्ची के पिता राजू पासवान के मुताबिक, वह छठ घाट बनाने के लिए घर के पास गए हुए थे। इस दौरान उनकी पत्नी रीना कुमारी घर में छठ पूजा के प्रसाद के लिए पकवान बना रही थी। इसी बीच उनकी चार वर्षीय बेटी सुहानी ने कथित तौर पर पकवान जूठा कर दिया।

बताया जा रहा है कि इस बात से नाराज होकर मां ने बच्ची की पिटाई कर दी। पिटाई के बाद सुहानी की तबीयत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उसकी मां उसे इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

पिता बोले- पत्नी को दिलाएंगे कठोर सजा

घटना को लेकर बच्ची के पिता राजू पासवान ने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं। इनमें सात वर्षीय शिवानी कुमारी, चार वर्षीय सुहानी कुमारी और डेढ़ वर्षीय बेटा राजा कुमार शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सुहानी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता ने इस घटना के लिए अपनी पत्नी को जिम्मेदार ठहराते हुए उसे कठोर से कठोर सजा दिलाने की बात कही है।

पुलिस ने आरोपी मां को किया गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों ने पूसा थाना की पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मृत बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया गया है।

इस संबंध में पूसा थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मोहम्मदपुर बिरौली गांव में एक बच्ची की मौत हुई है। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया है। मामले में आरोपी मां को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है। इस घटना ने छठ महापर्व की खुशियों के बीच पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

*जिलाधिकारी ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किए जाने के अवसर पर समस्तीपुर सदर के प्रमुख छठ घाटों का किया भ्रमण, छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं – Doorbeen News*

जिलाधिकारी ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किए जाने के अवसर पर समस्तीपुर सदर के प्रमुख छठ घाटों का किया भ्रमण, छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *