व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। लोक आस्था, श्रद्धा, पवित्रता एवं सूर्योपासना के महापर्व छठ के अवसर पर छठ महापर्व की पूर्व संध्या पर प्रधान घाट, समस्तीपुर के पावन तट पर भव्य सांस्कृतिक आयोजन ‘भास्कर महोत्सव-2026’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक मांजरिक मृणाल, अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश सुमन, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के.के. दिवाकर, उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने भगवान भास्कर की आराधना से जुड़े छठ महापर्व की धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व बिहार की लोक आस्था और सांस्कृतिक पहचान का विशिष्ट पर्व है।


यह पर्व सूर्य देव एवं प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ मानव जीवन में स्वच्छता, अनुशासन, त्याग, तपस्या, समर्पण और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। छठ पर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता देखने को मिलती है तथा सामूहिक रूप से श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में पर्व मनाया जाता है।
अतिथियों ने कहा कि भास्कर महोत्सव जैसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध लोक परंपराओं, धार्मिक विरासत एवं सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित और संवर्धित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों, लोक परंपराओं एवं आध्यात्मिक विरासत से परिचित होने का अवसर मिलता है।


साथ ही, स्थानीय कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहन देने तथा सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने में भी इस प्रकार के महोत्सव की अहम भूमिका है।
प्रधान घाट पर आयोजित भास्कर महोत्सव ने छठ महापर्व के उल्लास एवं आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक गरिमामय बना दिया। घाट परिसर में पर्व को लेकर विशेष उत्साह एवं श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। भगवान सूर्य की उपासना के इस पावन अवसर पर महोत्सव का आयोजन समस्तीपुर की सांस्कृतिक चेतना एवं लोक परंपराओं के प्रति सामूहिक सम्मान का प्रतीक बना।
उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व बिहार की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न अंग है। चार दिनों तक चलने वाला यह महापर्व नहाय-खाय, खरना, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य तथा उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा के साथ संपन्न होता है। यह पर्व प्रकृति और मानव के बीच गहरे संबंध तथा सूर्य की जीवनदायिनी ऊर्जा के प्रति आभार व्यक्त करने का अनुपम उदाहरण है।



*खानपुर में आस्था और उल्लास के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य, तीन दर्जन व्रतियों ने की भगवान भास्कर की आराधना – Doorbeen News*





