व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: हरियाणा युवा संवाद 4.0 में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर अक्षय ने विपक्ष की ओर से रखे बेबाक विचार, विधान सभाध्यक्ष हरविंदर ने किया सम्मानित।
राजधानी युवा संसद द्वारा चंडीगढ़ स्थित हरियाणा विधानसभा में आयोजित ‘हरियाणा युवा संवाद 4.0’ में मनीगाछी प्रखंड के राजे गाँव निवासी एवं ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के एनएसएस स्वयंसेवक अक्षय कुमार झा ने विपक्ष की भूमिका निभाते हुए सदन को संबोधित किया। “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” पर रखे गए उनके तर्कपूर्ण विचारों को खूब सराहा गया और उन्हें श्रेष्ठ वक्ताओं में स्थान पाने पर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में अक्षय ने कहा कि मौलिक दृष्टि से देखने पर देश को ऐसे अधिनियम की आवश्यकता प्रतीत नहीं होती। उन्होंने तर्क दिया कि यदि 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जाती हैं तो आगे चलकर दिव्यांगजन, स्वतंत्रता सेनानी, वरिष्ठ नागरिक, शहीदों की पत्नियाँ और किन्नर समुदाय जैसे अनेक वर्ग भी अपनी हिस्सेदारी की माँग उठाएँगे। ऐसे में एक स्वस्थ लोकतंत्र में योग्य प्रतिनिधियों के चयन के बजाय पूरा ध्यान केवल कोटा पूरा करने पर चला जाएगा।

उन्होंने यह प्रश्न भी उठाया कि अधिनियम लागू होने पर क्या वास्तव में किसी गरीब महिला को अवसर मिल पाएगा? उनके अनुसार आरक्षित सीटें प्रभावशाली राजनीतिक घरानों की बहू, बहन और रिश्तेदारों तक ही सिमटकर रह जाने की प्रबल आशंका है। अक्षय ने सुझाव दिया कि यदि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर ध्यान दिया जाए तो उन्हें किसी विशेष संरक्षण या प्रोत्साहन की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी।
कार्यक्रम के दौरान सायंकाल विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने अक्षय कुमार झा सहित सभी प्रतिभागियों के साथ रात्रिभोज कराया और विचारों व अनुभवों का आदान-प्रदान किया। इसी अवसर पर श्री कल्याण के कर कमलों से अक्षय को वक्ता सम्मान से नवाज़ा गया।

इससे पूर्व बिहार विधानसभा और राजस्थान विधानसभा के मंच से भी युवाओं की आवाज़ बुलंद कर चुके अक्षय की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय एवं मिथिला क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ आर एन चौरसिया, भू-संपदा पदाधिकारी डॉ कामेश्वर पासवान, राजनीति विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ अनिल कुमार चौधरी, पूर्व अध्यक्ष प्रो मुनेश्वर यादव, हिन्दी के पूर्व अध्यक्ष प्रो उमेश कुमार सहित अनेक शिक्षकों, मित्रों, संबंधियों, पड़ोसियों, परिचितों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।

*पोखर में सीढी निर्माण कराए जाने में अनियमितता को लेकर दो लोगों ने किया आत्मदाह का प्रयास – Doorbeen News*
पोखर में सीढी निर्माण कराए जाने में अनियमितता को लेकर दो लोगों ने किया आत्मदाह का प्रयास








One Comment