व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत परसा पंचायत के बोरज गांव के सार्वजनिक दुर्गा मंदिर परिसर में दुर्गा पूजा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान समिति के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार झा के निधन पर सदस्यों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सदस्यों ने उनके निधन को समिति और ग्रामीणों के लिए अपूरणीय क्षति बताया। साथ ही उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। पूर्व अध्यक्ष के निधन के बाद पूजा समिति के नए अध्यक्ष के चयन को लेकर सदस्यों ने विचार विमर्श किया। सर्वसम्मति से बसंत झा को दुर्गा पूजा समिति का नया अध्यक्ष चुना गया।


सदस्यों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पूजा का आयोजन पूर्व की परंपरा और धार्मिक विधि विधान के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं भव्य तरीके से संपन्न होगा। बैठक की अध्यक्षता समिति के सचिव कमलेश झा ने की, जबकि संचालन कोषाध्यक्ष संजय झा ने किया। बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान होने वाली धार्मिक गतिविधियों, पूजा पाठ की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर विशेष चर्चा की गई।
समिति के सदस्यों ने कहा कि बोरज में सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में पिछले तीन दशकों से लगातार मां दुर्गा की पूजा अर्चना की जाती रही है। इस वर्ष यहां 31वें वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीणों के लिए यह पूजा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि आस्था और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर भी है।


पूजा समिति के कोषाध्यक्ष संजय झा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी मां दुर्गा की पूजा विधि विधान एवं श्रद्धा के साथ आयोजित की जाएगी। मंदिर परिसर में पंडितों के द्वारा वैदिक रीति रिवाज से पूजा अर्चना कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि यहां दुर्गा पूजा के दौरान किसी प्रकार के मेले का आयोजन नहीं किया जाता है। समिति का मुख्य उद्देश्य धार्मिक परंपरा के अनुसार शांतिपूर्ण वातावरण में मां दुर्गा की आराधना करना है।
पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा तैयार कराई जा रही है। मूर्तिकार प्रतिमा निर्माण में जुटे हैं। पूजा के अवसर पर तैयार होने वाली प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। समिति के सदस्यों ने कहा कि पूजा के सभी कार्यक्रम निर्धारित परंपरा और धार्मिक विधि-विधान के अनुसार कराए जाएंगे।


बैठक में उमेश झा, राजीव झा, विवेकानंद शर्मा, रामानंद झा, परीक्षण मंडल, दयानंद झा, विजय शंकर झा, प्रभु नारायण झा, प्रभाकर झा, दिनकर झा सहित पूजा समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे। सदस्यों ने आपसी सहयोग और समन्वय के साथ दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।

*विष्णुपुर डीहा में छह अक्टूबर को लगेगा सहयोग शिविर, समस्याओं के समाधान के लिए जुटेंगे अधिकारी – Doorbeen News*
विष्णुपुर डीहा में छह अक्टूबर को लगेगा सहयोग शिविर, समस्याओं के समाधान के लिए जुटेंगे अधिकारी





One Comment