बारह पत्थर में शिरडी के साईं मंदिर की तर्ज पर बनेगा दुर्गा पूजा पंडाल

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। दुर्गा पूजा को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। विभिन्न पूजा समितियों की ओर से पूजा पंडालों को अंतिम रूप देने के लिए कलाकार दिन-रात जुटे हैं। शहर के 12 पत्थर में इस बार आकर्षक और भव्य पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है। पूजा समिति के अनुसार, पंडाल को शिरडी के साईं बाबा मंदिर की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। इसके निर्माण में करीब 7 से 10 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए समस्तीपुर के साथ-साथ कोलकाता और आसनसोल से आए कलाकार भी काम कर रहे हैं।

पूजा समिति के सदस्यों का कहना है कि इस बार पंडाल को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि यह पूरे जिले में आकर्षण का केंद्र बने। पंडाल के निर्माण में बाहरी कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकारों को भी शामिल किया गया है। पंडाल निर्माण का काम शुरू हो चुका है और कलाकार इसे भव्य स्वरूप देने में जुटे हैं। पूजा स्थल पर इस बार स्वच्छता को विशेष थीम के रूप में शामिल किया जा रहा है।

14 फीट की होगी मां दुर्गा की प्रतिमा: पूजा पंडाल के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र होगी। करीब 14 फीट ऊंची प्रतिमा का निर्माण समस्तीपुर के जितवारपुर निवासी मुख्य कलाकार शंभू पंडित कर रहे हैं। उनके सहयोग के लिए कोलकाता से भी कलाकार पहुंचे हैं। समिति की ओर से प्रतिमा को अलग रूप देने की तैयारी की जा रही है।

एलईडी स्क्रीन से बाहर से भी दर्शन: पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुविधा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। पूरे पूजा पंडाल की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। भीड़ अधिक होने की स्थिति में लोगों को पंडाल के अंदर प्रवेश किए बिना भी मां का दर्शन हो सके, इसके लिए जगह-जगह बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। इन स्क्रीन पर पंडाल के अंदर की लाइव तस्वीर दिखाई जाएगी। इससे बाहर मौजूद श्रद्धालु भी पूजा और प्रतिमा का सीधा दर्शन कर सकेंगे।

सप्तमी से नवमी तक अलग-अलग प्रसाद: पूजा समिति के अनुसार सप्तमी को मां को हलुवा का भोग लगाया जाएगा। अष्टमी दो दिन होने के कारण एक दिन मखाना खीर और दूसरे दिन खिचड़ी का भोग लगाया जाएगा। नवमी को श्रद्धालुओं के बीच खीर का प्रसाद वितरित किया जाएगा। पूजा का आयोजन मिथिला विधि-विधान के अनुसार किया जाएगा। बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर ब्रजकिशोर झा मुख्य पंडित होंगे, जबकि रामानुज सिंह मुख्य यजमान की भूमिका में रहेंगे।

पूजा समिति में अध्यक्ष विजय पासवान, कार्यकारी अध्यक्ष शिवानंद बम-बम और कैशियर विवेक झा हैं। समिति के आयोजन में उमेश प्रसाद, नीतीश कुमार, रणधीर कुमार, प्रेम कुमार, पंकज कुमार और सत्यम कुमार सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

*वरीय उपसमाहर्ता पवन कुमार मंडल के निधन पर समाहरणालय में शोकसभा – Doorbeen News*

वरीय उपसमाहर्ता पवन कुमार मंडल के निधन पर समाहरणालय में शोकसभा

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *