समय सीमा में राजस्व कार्य पूरा करें, अनावश्यक लंबित नहीं रखें : अपर समाहर्ता

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk : बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से चलाए जा रहे जमाबंदी अद्यतीकरण एवं नामांतरण-उत्तराधिकार विशेष अभियान को लेकर मंगलवार को शिवाजीनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में अनुश्रवण सह समीक्षा बैठक हुई। अंचलाधिकारी के प्रकोष्ठ में आयोजित बैठक में समस्तीपुर के अपर समाहर्ता एडीएम ब्रजेश कुमार ने अभियान के तहत चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने सीओ अम्बपाली यादव, सीआई, राजस्व कर्मचारियों एवं अंचल अमीन से अभियान की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान एडीएम ने अंचल में जमाबंदी अद्यतीकरण, नामांतरण एवं उत्तराधिकार से संबंधित मामलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सीओ से पंचायतवार और हल्कावार कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उपस्थित राजस्व कर्मचारियों से उनके अपने हल्का क्षेत्र में चल रहे राजस्व कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

उन्होंने लंबित मामलों, नामांतरण आवेदनों, जमाबंदी में आवश्यक सुधार, उत्तराधिकार से जुड़े मामलों सहित अन्य राजस्व कार्यों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। अपर समाहर्ता एडीएम बृजेश कुमार ने राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों और संबंधित मामलों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत तेजी से निष्पादन करें।

किसी भी स्तर पर अनावश्यक रूप से मामलों को लंबित नहीं रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक राजस्व कर्मचारी अपने अपने हल्का क्षेत्र में नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करें। कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि विशेष अभियान का उद्देश्य लोगों को भूमि संबंधी मामलों के निष्पादन में सुविधा उपलब्ध कराना और राजस्व अभिलेखों को अद्यतन रखना है। ऐसे में आवेदन के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। एडीएम ने राजस्व कर्मियों से क्षेत्र में कार्य करने के दौरान आने वाली समस्याओं और व्यावहारिक कठिनाइयों की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया।

बैठक में यह भी बताया गया कि बिहार सरकार की ओर से जमाबंदी अद्यतीकरण एवं नामांतरण-उत्तराधिकार विशेष अभियान 15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत भूमि संबंधी अभिलेखों को अद्यतन करने के साथ नामांतरण और उत्तराधिकार से जुड़े मामलों के निष्पादन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

अंचल स्तर पर अभियान की प्रगति की लगातार समीक्षा की जा रही है। बैठक में राजस्व कर्मचारी राकेश मिश्रा, शिवम कुमार, विवेक कुमार मंडल, विकेश कुमार, नीतीश कुमार सहित अन्य राजस्व कर्मचारी, अंचल अमीन राकेश कुमार, कल्पना कुमारी एवं सुनीता कुमारी मौजूद थीं। बैठक के बाद प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपर समाहर्ता बृजेश कुमार से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की।

*सड़क हादसे में बाइक सवार घायल, पीएचसी में भर्ती – Doorbeen News*

सड़क हादसे में बाइक सवार घायल, पीएचसी में भर्ती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *