विशेष अभियान के दौरान समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर संयुक्त कार्रवाई, नौ बालक सुरक्षित बरामद, तीन लोगों को किया गिरफ्तार

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर: मानव तस्करी एवं बाल मजदूरी के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान के दौरान समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुल 9 बालकों को सुरक्षित बरामद किया गया। उन्हें मजदूरी कराने के उद्देश्य से बाहर ले जा रहे 3 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

रेल डीएसपी मो. अब्दुल बेलाल, डीएसपी विशेष अपराध कुमारी सिया भारती के निरीक्षण के क्रम में समस्तीपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर समय करीब 17:00 बजे, गाड़ी संख्या 12407 कर्मभूमि एक्सप्रेस में निगरानी के दौरान कुछ डरे-सहमे बालकों को देखा गया।

पूछताछ में बालकों ने बताया कि उन्हें मजदूरी कराने के लिए लुधियाना-जालंधर ले जाया जा रहा है। अभियान के दौरान चार बालकों ने अपने साथ मौजूद व्यक्ति की ओर इशारा करते हुए बताया कि वह उन्हें काम कराने के लिए जालंधर ले जा रहा है।

पूछताछ में बालक सहरसा के रहने वाले हैं। बालकों के साथ मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम मंतोष कामत (35) बताया। वह सहरसा जिला के बिहरा थाना के बारा वार्ड संख्या 5 का निवासी बताया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि वह बालकों को मजदूरी एवं चावल कंपनी में काम कराने के लिए खगड़िया स्टेशन से ट्रेन में बैठाकर जालंधर ले जा रहा था।

इसी क्रम में दूसरे सामान्य कोच में चार अन्य बालकों को देखा गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्हें कंपनी में काम कराने के लिए लुधियाना ले जाया जा रहा है। इनकी पहचान थाना गलपोखर, जिला उत्तर दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई।

इन बालकों के साथ मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम मो. सहिमुद्दीन (27), निवासी धरमपुर, थाना गलपोखर, जिला उत्तर दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल बताया। पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया कि वह चारों बालकों को किशनगंज स्टेशन से ट्रेन में बैठाकर लुधियाना ले जा रहा था।

इसके अतिरिक्त थाना मनिहारी, जिला कटिहार के एक अन्य बालक को भी बरामद किया गया। बालक ने बताया कि उसके साथ मौजूद संतोष परिहार उसे मजदूरी एवं रबर प्लांट में काम कराने के लिए लुधियाना ले जा रहा था। पूछताछ में संतोष परिहार ने बताया कि वह बालक को बारसोई स्टेशन से ट्रेन में बैठाकर लुधियाना ले जा रहा था। सभी बालकों एवं उनके साथ पाए गए व्यक्तियों को ट्रेन से उतारकर पुलिस बल के सहयोग से सुरक्षित रेल थाना समस्तीपुर लाया गया।

यह कार्रवाई थानाध्यक्ष बीरबल कुमार राय, थानाध्यक्ष रेल थाना महेंद्र मुर्मू, रेल थाना समस्तीपुर, नवीन सिंह, सहायक उप निरीक्षक, आरपीएफ समस्तीपुर, आरक्षी दीपक कुमार, सीआईबी समस्तीपुर, पुलिस बल व जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र समस्तीपुर के शोभानंद सिंह एवं शिवपूजन कुमार, समस्तीपुर की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

कार्रवाई के बाद बालकों को आवश्यक संरक्षण एवं अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित बाल संरक्षण तंत्र के समक्ष प्रस्तुत किये जाने की प्रक्रिया की गई।

*डीएम ने विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का किया निरीक्षण, बच्चों की सुविधाओं का लिया जायजा – Doorbeen News*

डीएम ने विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का किया निरीक्षण, बच्चों की सुविधाओं का लिया जायजा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *