व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर, 19 सितंबर। जिलाधिकारी, समस्तीपुर ने शनिवार को विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, समस्तीपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला निरीक्षण समिति के अन्य संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संस्थान में आवासित बच्चों की देखरेख, संरक्षण, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए बच्चों की बेहतर देखभाल एवं आवश्यक सुविधाओं को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
0 से 6 वर्ष तक के बच्चों की होती है देखभाल
विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के अनाथ, परित्यक्त एवं अभ्यर्पित बच्चों को आवासित कर उनकी समुचित देखरेख और संरक्षण किया जाता है। जिन बच्चों के माता-पिता अथवा परिवार के संबंध में जानकारी नहीं मिल पाती है, उनके दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया निर्धारित कानूनी प्रावधानों एवं केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) के नियमों के अनुसार पूरी की जाती है।
इस प्रक्रिया के तहत पात्र बच्चों को निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के बाद योग्य दत्तक माता-पिता को गोद दिए जाने की व्यवस्था है।
अनाथ या परित्यक्त बच्चा मिले तो 1098 पर दें सूचना
निरीक्षण के दौरान आम लोगों के बीच बाल संरक्षण और दत्तक ग्रहण व्यवस्था को लेकर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं कोई अनाथ, बेसहारा या परित्यक्त बच्चा मिलता है तो उसे अपने स्तर से इधर-उधर ले जाने के बजाय तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें। इससे बच्चे को समय पर आवश्यक देखभाल, संरक्षण और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।



*नियमित मानदेय सहित अन्य लाभ की मांग को लेकर स्वच्छता पर्यवेक्षकों ने की बैठक – Doorbeen News*
नियमित मानदेय सहित अन्य लाभ की मांग को लेकर स्वच्छता पर्यवेक्षकों ने की बैठक









