व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। रोसड़ा थाना क्षेत्र के पंचवटी चौक के समीप शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों सिमरिया गंगा घाट से स्नान कर बाइक से घर लौट रहे थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, दरभंगा जिले के बहेरा थाना क्षेत्र के मोहन बहेड़ा निवासी परमेश्वर मंडल के पुत्र राधेश्याम मंडल अपनी पत्नी माला देवी के साथ बाइक से सिमरिया गंगा घाट गए थे। गंगा स्नान के बाद दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान पंचवटी चौक के पास रोसड़ा से बेगूसराय की ओर जा रहे तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दंपति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक हुआ फरार, पुलिस ने हाईवा पकड़ा
घटना की सूचना मिलते ही रोसड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की और दुर्घटना की जांच में जुट गई।
हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया था। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हाईवा ट्रक को पकड़ लिया है। चालक की तलाश और दुर्घटना के कारणों को लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
परिवार में मचा कोहराम
अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतक दंपति के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, घटना के बाद पंचवटी चौक पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

*जिलाधिकारी ने किया जन संवाद, आमजनों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश – Doorbeen News*
जिलाधिकारी ने किया जन संवाद, आमजनों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश











