पांच साल से जलजमाव की समस्या से जूझ रहा बंधार गांव, नाला नहीं बनने से ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत बंधार पंचायत के बंधार गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। बारिश होते ही गांव की कई प्रमुख सड़कों और संपर्क पथों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। लंबे समय तक पानी जमा रहने के कारण ग्रामीणों को उसी पानी से होकर आवागमन करना पड़ता है।

इससे राहगीरों के साथ साथ स्कूल जाने वाले छात्र छात्राओं, महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या एक दो साल की नहीं, बल्कि पिछले करीब पांच वर्षों से लगातार बनी हुई है। बरसात के मौसम में कई स्थानों पर पांच से छा माह तक सड़क पर पानी जमा रहता है।

बंधार गांव में अमरनाथ चौधरी के घर के सामने सड़क पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। वहीं भोला चौधरी के घर के समीप भी सड़क पर पानी जमा रहने से लोगों को आने जाने में परेशानी होती है। शिवेंद्र चौधरी के घर के सामने सड़क पर भी बारिश का पानी जमा हो जाता है। पासवान टोला में हकर पासवान के घर के पास जलजमाव से स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इसी तरह यादव टोला में मोहन बैठ के घर से लेकर राम जपु यादव के घर तक सड़क पर पानी जमा रहता है। बिल्टू यादव के घर के सामने भी जलजमाव की समस्या बनी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार बारिश के बाद सड़क पर जमा पानी की निकासी नहीं होने के कारण कई दिनों तक स्थिति जस की तस बनी रहती है। पानी के ठहराव के कारण धीरे-धीरे उसमें दुर्गंध आने लगती है। आसपास रहने वाले लोगों को जलजमाव के कारण संक्रमण और बीमारी फैलने का डर सताने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है। सबसे अधिक परेशानी विद्यालय जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है।

प्रतिदिन छात्र-छात्राओं को इसी जमा पानी से होकर विद्यालय जाना और वापस घर लौटना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे बच्चों को पानी से होकर भेजने में अभिभावकों को भी चिंता बनी रहती है। सड़क पर पानी के साथ जगह-जगह छोटे-छोटे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भर जाने के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते। ऐसे में पैदल चलने वालों को परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की स्थिति भी जर्जर हो गई है। कई जगहों पर सड़क की गिट्टी उखड़ गई है और छोटे गड्ढे बन गए हैं।

इन गड्ढों में बारिश का पानी जमा हो जाता है। वाहनों के गुजरने पर जमा पानी के छींटे राहगीरों और आसपास के लोगों के कपड़ों पर पड़ते हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने के साथ ही कालीकरण कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए कई बार स्थानीय विधायक और प्रखंड स्तर के अधिकारियों को सूचना दी गई है।

इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका हैग्रामीणों के अनुसार पिछले वर्ष भी उन्हें करीब पांच से छह महीने तक जलजमाव की समस्या झेलनी पड़ी थी। हर वर्ष बरसात आते ही वही स्थिति दोबारा उत्पन्न हो जाती हैलोगों का कहना है कि केवल अस्थायी रूप से पानी हटाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। सड़क के किनारे नाला निर्माण कर पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था करना जरूरी है

ग्रामीण सुबोध यादव, बिल्टू यादव, शंभू पोद्दार, मुन्ना बैठा, रामबाबू यादव, गुड्डू यादव, राहुल कुमार, रंजीत कुमार, रोशन कुमार, पिंकू कुमार, रामानंद पोद्दार, रंजीत यादव, सुधीर बैठा, पवन बैठा सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि जलजमाव के कारण रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। बच्चों को विद्यालय भेजने में अभिभावकों को काफी परेशानी होती है। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए पानी से होकर गुजरना और भी मुश्किल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत, कालीकरण और नाला निर्माण कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के प्रत्येक मौसम में जलजमाव की समस्या सामने आने के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं होना चिंता का विषय है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि जलजमाव वाले स्थानों का स्थल निरीक्षण कराकर सड़क की मरम्मत, कालीकरण और नाला निर्माण की दिशा में शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि आने-जाने वाले लोगों को राहत मिल सके और बरसात के दिनों में गांव की सड़कें जलजमाव से मुक्त हो सकें।

 

बंधार पंचायत की मुखिया चंदन कुमारी ने बताया कि पंचायत में जलजमाव की समस्या काफी दिनों से बनी हुई है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसके स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल की जा रही है। जल्द ही जल निकासी की व्यवस्था कराकर ग्रामीणों को जलजमाव से राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा। मुखिया ने बताया कि समस्या के निदान को लेकर जल्द काम शुरू कराया जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो।

*राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुति, जन्माष्टमी की पूर्व पर विद्यालय में दिखी भक्ति – Doorbeen News*

राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुति, जन्माष्टमी की पूर्व पर विद्यालय में दिखी भक्ति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *