व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के उजियारपुर। उजियारपुर पुलिस पर कथित दमनात्मक कार्रवाई और झूठा मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाते हुए भाकपा माले की उजियारपुर प्रखंड कमिटी ने बुधवार को नाजिरपुर हाट परिसर में प्रतिरोध सभा आयोजित की। सभा की अध्यक्षता माले नेता हेमंत सिंह ने की। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ आक्रोश जताया।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के वरिष्ठ नेता महावीर पोद्दार ने आरोप लगाया कि उजियारपुर पुलिस की गश्ती गाड़ी को सिंगल रास्ते में आगे निकलने में परेशानी हुई, जिसके बाद पुलिस पदाधिकारियों ने आक्रोश में कटोरिया से लौटे ट्रक से सामान उतार रहे युवकों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद ट्रक की तलाशी लेते हुए शराब के धंधे से जुड़े होने का आरोप लगाया गया, जिससे विवाद बढ़ गया।


महावीर पोद्दार ने दावा किया कि पुलिस ने राइफल छीनने, मारपीट करने और वर्दी पकड़ने समेत अन्य आरोप लगाते हुए चार नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ कांड संख्या 323/26 दर्ज किया। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान लोगों के साथ मारपीट की गई और एक हेपेटाइटिस-बी से पीड़ित नाबालिग के साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस कार्रवाई के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
माले नेता ने कहा कि पुलिस की कथित बर्बरता और दमन को पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले में जवाब देने और कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।


भाकपा माले के प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान ने कहा कि पुलिस और अपराधियों के बीच अंतर खत्म होता जा रहा है। उन्होंने पुलिस पर लोगों को परेशान करने और झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाली पुलिस को अपनी कार्यशैली में सुधार करना चाहिए।
गंगा प्रसाद पासवान ने घोषणा की कि पुलिस कार्रवाई के विरोध में उजियारपुर थानाध्यक्ष का पुतला दहन किया जाएगा।
सभा को मनोज कुमार राम, पप्पू यादव, खेग्रामस प्रखंड अध्यक्ष अर्जुन दास, आरवाईए प्रखंड सचिव राहुल राय, उप सरपंच रामप्रीत सिंह, रामबालक सिंह, सुरेश सिंह, लाल बाबू राय, प्रमिला देवी, मणिमाला देवी, कृष्णा देवी, सविता देवी, नूतन देवी और मधुमाला देवी समेत अन्य लोगों ने संबोधित किया।


*412 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ चार गिरफ्तार, समस्तीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई – Doorbeen News*
412 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ चार गिरफ्तार, समस्तीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई






