कोंची में शोभा कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय नवाह पारायण महायज्ञ शुरू

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत रहियार उत्तर पंचायत के कोंची गांव भगवती स्थान परिसर में शोभा कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय नवाह पारायण नाम संकीर्तन महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। महायज्ञ को लेकर गांव में सुबह से ही श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। महायज्ञ के शुभारंभ को लेकर सिमरिया घाट से गंगाजल लाया गया।

भगवती स्थान परिसर में सभी कलशों में विधिवत गंगाजल भरा गया। इसके बाद 51 कुमारी कन्याओं एवं महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर गाजे बाजे के साथ भव्य शोभा कलश यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान श्रद्धालु धार्मिक जयघोष करते हुए आगे बढ़ रहे थे। शोभा कलश यात्रा कोंची गांव से निकलकर बेला, चित्तौड़ा एवं भानपुर सहित विभिन्न टोले मोहल्लों से होकर गुजरी।

इस दौरान जगह जगह ग्रामीणों ने कलश यात्रा का स्वागत किया। कलश यात्रा यज्ञ स्थल पर पहुंचने के बाद पंडित गौरीशंकर झा एवं रामेश्वर शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत कलश स्थापित कराया। इसके बाद मुख्य यजमान एवं उनकी धर्मपत्नी ने धार्मिक विधि विधान के साथ पूजा अर्चना कर महायज्ञ का शुभारंभ किया। यज्ञ समिति के अनुसार नौ दिनों तक हवन-यज्ञ एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन श्रद्धालु यज्ञ स्थल पर पहुंचकर पूजा-अर्चना एवं हवन में शामिल होंगे।

महायज्ञ के दौरान लगातार नौ दिन और नौ रात तक नवाह पारायण नाम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। ‘जय सियाराम, जय सियाराम, जय सियाराम, जय जय सियाराम’ के सामूहिक संकीर्तन से कोंची गांव समेत आसपास का पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा। सुबह से ही यज्ञ स्थल पर श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। संकीर्तन में शामिल श्रद्धालुओं के उत्साह से पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता रहा।

यज्ञ समिति द्वारा आसपास की छह पंचायतों की विभिन्न कीर्तन मंडलियों को पत्र भेजकर नवाह पारायण नाम संकीर्तन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग कीर्तन मंडलियां बारी-बारी से दो-दो घंटे की टोली बनाकर लगातार नौ दिनों तक नाम संकीर्तन करेंगी। इससे महायज्ञ के दौरान गांव में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां लगातार चलती रहेंगी।

महायज्ञ को सफल बनाने में समाजसेवी संजय सहनी, रंजीत साह, छब्बू मंडल, मनोज मंडल, उदन सहनी, राम आधार यादव, योगेश्वर यादव, कमलू पंडित, रामाश्रय सहनी, जवाहर मंडल, मुन्ना मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। यज्ञ समिति एवं ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान एवं नाम संकीर्तन में भाग लेने की अपील की है। महायज्ञ को लेकर कोंची सहित आसपास के गांवों में उत्सवी और भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

*समस्तीपुर में गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग का विशेष अभियान शुरू, 30 नवंबर तक स्वास्थ्य संस्थानों में होगी जांच – Doorbeen News*

समस्तीपुर में गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग का विशेष अभियान शुरू, 30 नवंबर तक स्वास्थ्य संस्थानों में होगी जांच

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *