व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के सिंघिया थाना अंतर्गत फुलहरा गांव में घर का ताला तोड़कर आभूषण व नकदी चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के महज 72 घंटे के भीतर पुलिस ने कांड का उद्भेदन करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फुलहरा गांव निवासी स्व. गनौर साफी के पुत्र सोनू साफी तथा पवन कामती के पुत्र रोहित कामती के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई नकदी, चांदी के आभूषण, बर्तन समेत ताला तोड़ने में प्रयुक्त सामान बरामद किया है।
सोमवार को सिंघिया थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फुलहरा गांव निवासी स्व. देवू कामती के पुत्र लक्षमण कामती ने 25 अगस्त की मध्य रात्रि घर में चोरी होने की शिकायत पुलिस से की थी। आवेदन में बताया गया था कि अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने के कान का एक जोड़ा झुमका, चांदी के दो जोड़ा पायल, एक जोड़ा कानवाली, एक जोड़ा चांदी की बालिया, चांदी के तीन सिक्के, फूल के पांच बर्तन तथा करीब 17 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।


मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आवेदन के आधार पर 28 अगस्त को सिंघिया थाना कांड संख्या 214/26 दर्ज कर अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी की। इसके बाद थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता के नेतृत्व में वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छानबीन शुरू की। सूचना संकलन के दौरान पुलिस को आरोपितों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फुलहरा गांव निवासी सोनू साफी और रोहित कामती को सिंघिया स्थित अलंकार ज्वेलर्स के समीप से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ और गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर चोरी के सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई की गई। इस दौरान 10 हजार रुपये नकद, एक जोड़ी चांदी का पायल, पीतल के सात बर्तन, एक जोड़ा चांदी का हाथ का बालिया, चांदी से बने तीन सिक्के तथा चांदी का एक बिस्किट बरामद किया गया।


इसके अलावा पुलिस ने चोरी की घटना में ताला तोड़ने के लिए प्रयुक्त छेनी और खंती समेत एक कत्ता भी बरामद किया है। बरामद सामानों को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपितों से घटना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इन जानकारियों के आधार पर पुलिस अन्य संभावित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने बताया कि 25 अगस्त की मध्य रात्रि में चोरी की घटना सामने आने के बाद 28 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए करीब 72 घंटे के अंदर कांड का उद्भेदन कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है। थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस चोरी की घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।


गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर चोरी किए गए अन्य सामानों की बरामदगी तथा मामले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने कहा कि सिंघिया पुलिस के लिए यह महत्वपूर्ण सफलता है और कांड में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
छापेमारी एवं गिरफ्तारी अभियान में थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता के अलावा राजवंश कुमार, धीरज कुमार, कृष्ण कुमार, सतीश कुमार, राखी कुमारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद फुलहरा गांव में चोरी की घटना को लेकर चल रही चर्चा के बीच लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

*जिला कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति की बैठक में विकास योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा – Doorbeen News*
जिला कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति की बैठक में विकास योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा





