व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर उजियारपुर, 31 अगस्त। उजियारपुर प्रखंड में नाबालिग महादलित छात्रा के अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर भाकपा माले ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। भाकपा माले के उजियारपुर प्रखंड कमेटी के नेतृत्व में रामनगर कॉलेज गेट से रामनगर मंगल हाट तक प्रतिरोध मार्च निकाला गया। इसके बाद दलसिंहसराय थानाध्यक्ष का पुतला दहन कर प्रतिरोध सभा आयोजित की गई।
आंदोलनकारियों ने दलसिंहसराय थाना कांड संख्या 417/2026 में नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने और पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। साथ ही शराब माफिया पर कार्रवाई की भी मांग उठाई गई।
‘34 दिन बाद भी एक आरोपी गिरफ्तार नहीं’
प्रतिरोध सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के वरिष्ठ नेता महावीर पोद्दार ने आरोप लगाया कि घटना के 34 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने नाबालिग महादलित छात्रा को प्रेमजाल में फंसाकर अपहरण किया और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
उन्होंने कहा कि पुलिस के कथित लापरवाह रवैये के कारण पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पा रहा है। पोद्दार ने कहा कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों को जवाब देना होगा।
एक सप्ताह का अल्टीमेटम
भाकपा माले के प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान ने कहा कि पुलिस प्रशासन को सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक सप्ताह का समय दिया जा रहा है। निर्धारित अवधि में गिरफ्तारी नहीं हुई तो दलसिंहसराय पुलिस प्रशासन के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि दलित, महादलित और अतिपिछड़े समुदाय के लोगों के खिलाफ बढ़ते कथित दमन और अपराध को लेकर संगठन चुप नहीं बैठेगा।


सैकड़ों लोग प्रतिरोध मार्च में हुए शामिल
कार्यक्रम की अध्यक्षता पप्पू यादव ने की। प्रतिरोध सभा को तननजय प्रकाश, मो. फरमान, अर्जुन दास, रामबली सिंह, अमरजीत पाल, रोहित कुमार, हेमंत सिंह, शिव प्रसाद गोपाल, फूल परी देवी, गुलशन आरा, कचनमणि रानी, मो. मासूम अंसारी, विरजू दास और कैलाश सहनी सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
प्रतिरोध मार्च और सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग शामिल हुए।

*पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, 10 दिन से घर पर रह रहा था आरोपी – Doorbeen News*
पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, 10 दिन से घर पर रह रहा था आरोपी









