व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के सिंघिया थाना अंतर्गत बेहट गांव निवासी 30 वर्षीय मिथिलेश राय की शनिवार को बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। रक्षाबंधन के अवसर पर पत्नी को उसके मायके मोरसर गांव पहुंचाने गए मिथिलेश के साथ हुए इस हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। रविवार को शव बेहट गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख पुकार से माहौल गमगीन हो गया। पत्नी बार बार पति का नाम लेकर बेहोश हो रही थी। वह रोते हुए कह रही थी कि अब इस दुनिया में किसके सहारे रहेंगे।
इस मार्मिक दृश्य को देखकर वहां मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। ग्रामीण जय प्रकाश, मुना राय सहित मृतक के परिजनों ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर मिथिलेश अपनी पत्नी को लेकर उसके मायके मोरसर गांव गया था। पत्नी को उसके भाई की कलाई पर राखी बंधवाने के लिए मायके पहुंचाने की खुशी परिवार में थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह यात्रा मिथिलेश की जिंदगी की आखिरी यात्रा साबित होगी। शनिवार को मोरसर में ही बिजली का करंट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ससुराल और बेहट गांव में मातम पसर गया।


परिजनों के अनुसार मिथिलेश पत्नी को मायके पहुंचाने के बाद वापस अपने घर नहीं लौट सका। रविवार को जब उसका शव बेहट गांव लाया गया तो अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों की भीड़ जुट गई। हर कोई परिवार को सांत्वना देने में लगा था, लेकिन अचानक हुई मौत से परिवार के लोगों का दुख संभाले नहीं संभल रहा था।
मिथिलेश अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिवार में कमाने वाले सदस्य की मौत से परिजनों के सामने अब बच्चों के पालन-पोषण और परिवार के भरण-पोषण की चिंता खड़ी हो गई है। पत्नी की हालत देखकर गांव की महिलाएं भी भावुक हो उठीं। परिजनों का कहना है कि मिथिलेश की मौत ने परिवार को गहरा सदमा दिया है और बच्चों के भविष्य पर भी संकट खड़ा हो गया है।


ग्रामीणों ने बताया कि मिथिलेश मिलनसार स्वभाव का युवक था और गांव में लोगों के साथ उसका अच्छा व्यवहार था। उसकी असमय मौत से पूरे बेहट गांव में शोक की लहर है। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन एवं सरकार से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सरकारी सहायता मिलने से पत्नी और छोटे बच्चों के भरण-पोषण में कुछ सहारा मिल सकेगा। रक्षाबंधन के पर्व पर पत्नी को मायके पहुंचाने गए युवक की अचानक मौत की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।



*जनवितरण प्रणाली विक्रेताओं ने स्व. श्रीकांत लाभ को पुण्यतिथि पर किया नमन – Doorbeen News*
जनवितरण प्रणाली विक्रेताओं ने स्व. श्रीकांत लाभ को पुण्यतिथि पर किया नमन





