व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर टांडा गांव में घर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 38.92 ग्राम सोना, 149.59 ग्राम चांदी, 30 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त की रात मधुरापुर टांडा निवासी बैजनाथ प्रसाद सिंह के घर में चोरों ने प्रवेश कर सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के, नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। घटना के बाद कल्याणपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
वैज्ञानिक और तकनीकी जांच से मिला सुराग
घटना के उद्भेदन के लिए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सामान को बरामद किया।
पांच आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निकेत कुमार, छोटू कुमार, मुन्ना कुमार, राजन कुमार और ललित देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के और नकदी समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


*आस्था और उल्लास के साथ पांच दिवसीय झूलनोत्सव का समापन, राधा-कृष्ण के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु – Doorbeen News*
आस्था और उल्लास के साथ पांच दिवसीय झूलनोत्सव का समापन, राधा-कृष्ण के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु










