व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भरपुरा डीह वार्ड 11 में मंगलवार को अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपति की चाकू गोदकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान बंगाली दास और उनकी पत्नी धनवंती देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
सुबह दूध वाले के पहुंचने पर हुई घटना की जानकारी
बताया जाता है कि बुजुर्ग दंपति सोमवार रात अपने घर में सोए हुए थे। इसी दौरान अपराधियों ने घर में घुसकर दोनों की चाकू मारकर हत्या कर दी। मंगलवार सुबह दूध वाला घर पहुंचा और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पड़ोसियों ने दंपति के मोबाइल पर फोन किया। मोबाइल की घंटी बजती रही, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।


शक होने पर पड़ोसियों ने घर का गेट काटकर अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। बंगाली दास का शव चौकी पर, जबकि धनवंती देवी का शव जमीन पर पड़ा था। दोनों के शरीर खून से लथपथ थे। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पेटी-बक्से का ताला टूटा, सामान गायब होने की बात
मृतका की बेटी गीता देवी ने बताया कि उन्हें फोन के माध्यम से घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद वह घर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता की चाकू मारकर हत्या की गई है। घर में रखे पेटी-बक्से का ताला भी टूटा हुआ मिला है और उसमें रखा सामान गायब है।
गीता देवी के अनुसार, पेटी-बक्से में क्या सामान रखा था, इसकी जानकारी उनके माता-पिता को ही थी। अब दोनों की हत्या हो चुकी है, इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अपराधी घर में किस उद्देश्य से आए थे और क्या सामान लेकर गए।
डीआईजी और एसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा
दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। दरभंगा क्षेत्र के डीआईजी और समस्तीपुर के एसपी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस अपराधियों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

गांव में दहशत, हत्या की वजह बनी पहेली
बुजुर्ग दंपति की बेरहमी से हत्या के बाद भरपुरा गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह घर में घुसकर दोनों की हत्या की गई, उससे लोग सहमे हुए हैं। फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हत्या के पीछे लूट, आपसी रंजिश या किसी अन्य कारण की आशंका की भी जांच की जा रही है।


*5.20 लाख लोगों को खिलाई जाएगी एनीमिया की दवा, बिहार में शुरू हुआ ‘एनीमिया मुक्त बिहार’ अभियान – Doorbeen News*
5.20 लाख लोगों को खिलाई जाएगी एनीमिया की दवा, बिहार में शुरू हुआ ‘एनीमिया मुक्त बिहार’ अभियान







