घर के पीछे पानी भरे गड्ढे में मिला महिला का शव, दो दिन से थी लापता

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

भाई ने पति पर हत्या कर शव फेंकने का लगाया आरोप, पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ

विभूतिपुर। समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर वार्ड-10 में बुधवार को एक महिला का शव उसके घर के पीछे जेसीबी से खोदे गए पानी भरे गड्ढे में उपलाता मिला। महिला पिछले दो दिनों से लापता थी। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान अमरजीत यादव की 38 वर्षीय पत्नी रेखा देवी के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को गड्ढे से निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया। पुलिस ने मृतका के पति अमरजीत यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

भाई ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

मृतका के भाई विभूतिपुर थाना क्षेत्र के समर्था कल्याणपुर गांव निवासी संजीत राय ने अपने बहनोई पर बहन की हत्या कर शव को गड्ढे में फेंकने का आरोप लगाया है। संजीत राय के अनुसार, अमरजीत यादव उत्तर प्रदेश के मुगलसराय में रहते हैं और करीब 10 दिन पहले ही घर लौटे थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि पति के घर लौटने के बाद से ही रेखा देवी के साथ लगातार मारपीट और गाली-गलौज की जा रही थी।

सोमवार रात से थी लापता

परिजनों के अनुसार, रेखा देवी सोमवार रात करीब आठ बजे अचानक घर से लापता हो गई थी। मंगलवार को इसकी जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग उसकी खोजबीन में जुट गए। इसी दौरान मंगलवार देर शाम घर के पीछे जेसीबी से खोदे गए पानी भरे गड्ढे में महिला का शव उपलाता हुआ मिला।

संजीत राय ने बताया कि रेखा देवी की शादी करीब 18 वर्ष पहले अमरजीत यादव से हुई थी और वह तीन बच्चों की मां थी। उन्होंने बताया कि बहन के लापता होने की सूचना मिलने पर राघोपुर पहुंचने पर भांजे ने भी पिता द्वारा मां के साथ मारपीट और गाली-गलौज किए जाने की बात बताई।

डीएसपी बोले- सभी बिंदुओं पर जांच जारी

रोसड़ा डीएसपी संजय सिन्हा ने बताया कि महिला का शव उसके घर के पीछे स्थित पानी भरे गड्ढे में मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिवार की ओर से दिए जाने वाले आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर पुलिस कार्रवाई कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

*पेपरलेस रजिस्ट्री शुरू, दो दिन में एक भी दस्तावेज नहीं हुआ निबंधित, कातिबों ने किया काम का बहिष्कार – Doorbeen News*

पेपरलेस रजिस्ट्री शुरू, दो दिन में एक भी दस्तावेज नहीं हुआ निबंधित, कातिबों ने किया काम का बहिष्कार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *