सिंघिया में बंगरहट्टा व वारी पंचायत में सहयोग शिविर, 144 आवेदनों में 52 का हुआ निष्पादन

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के सिंघिया प्रखंड अंतर्गत बंगरहट्टा एवं वारी पंचायत में मंगलवार को पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी समस्याओं और शिकायतों को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों से समन्वय कर कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कराया। दोनों पंचायतों में आयोजित शिविर में कुल 144 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 52 मामलों का निष्पादन शिविर के दौरान ही कर दिया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया है।

शिविर की अध्यक्षता रोसड़ा एसडीओ संदीप कुमार ने की, जबकि संचालन बीडीओ विवेक रंजन ने किया। शिविर का शुभारंभ रोसड़ा एसडीओ संदीप कुमार, एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा, बीडीओ विवेक रंजन, सीओ मोनी कुमारी एवं बीपीआरओ कृष्ण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के लगाए गए काउंटरों का निरीक्षण किया और कर्मियों से प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली। बंगरहट्टा पंचायत में कुल 45 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 28 मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।

वहीं, वारी पंचायत में ग्रामीणों की ओर से कुल 99 आवेदन दिए गए, जिनमें 24 मामलों का निष्पादन शिविर के दौरान किया गया। इस तरह बंगरहट्टा और वारी पंचायत में कुल 144 आवेदन प्राप्त हुए और 52 मामलों का तत्काल समाधान किया गया। अधिकारियों ने शेष मामलों में भी संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर रोसड़ा एसडीओ संदीप कुमार ने कहा कि पंचायत सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड या अनुमंडल कार्यालय का बार बार चक्कर लगाने से राहत देना है। ग्रामीणों की समस्याओं को पंचायत स्तर पर सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों के माध्यम से समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि जिन मामलों का तत्काल निष्पादन संभव है, उन्हें शिविर में ही पूरा किया जाए और जिन मामलों में विभागीय प्रक्रिया आवश्यक है, उनका भी समयबद्ध तरीके से निष्पादन कराया जाए। एसडीपीओ संजय कुमार सिंन्हा ने भी शिविर के दौरान ग्रामीणों की ओर से रखी गई समस्याओं को सुना तथा संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के लिए कर्मियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर आयोजित ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं और योजनाओं से जुड़ी जानकारी एक ही स्थान पर मिलती है तथा उनकी समस्याओं को संबंधित विभाग तक पहुंचाने में सुविधा होती है।

बीडीओ विवेक रंजन ने कहा कि सहयोग शिविर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को दर्ज कर संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने के साथ साथ उनकी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने विभागीय कर्मियों को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों पर भी आवश्यक कार्रवाई कर ग्रामीणों को राहत उपलब्ध कराएं। विभिन्न विभागों की ओर से शिविर में अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे।

इन काउंटरों पर ग्रामीणों ने राशन, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा, कृषि सहित अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं रखीं। ग्रामीणों की सुविधा के लिए संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आवेदन प्राप्त करने के साथ ही कई मामलों में मौके पर संबंधित कर्मियों से जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
शिविर में सीओ मोनी कुमारी, बीपीआरओ कृष्ण कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

मौके पर एमओ उत्कर्ष दुबे, बिजली विभाग के जेई शशि शेखर सिंह, बीईओ मनोज झा, मनरेगा पीओ जितेंद्र कुमार, बीएओ सत्यम कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अंसारी, बंगरहट्टा पंचायत की मुखिया रिंकू देवी, वारी पंचायत के मुखिया रामकृष्ण पंडित सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। अधिकारियों ने कहा कि शिविर में प्राप्त शेष आवेदनों पर भी संबंधित विभागों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई कर समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की जाएगी।

*घर में आग लगने से एक लाख का सामान जला, गाय-बछड़ा झुलसे – Doorbeen News*

घर में आग लगने से एक लाख का सामान जला, गाय-बछड़ा झुलसे

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *