व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
गरीब विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क पढ़ाई, कोचिंग और कैरियर मार्गदर्शन की सुविधा
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समस्तीपुर प्रखंड के जितवारपुर चौथ (फरपुरा) में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी एल्युमनी एसोसिएशन, समस्तीपुर की ओर से फ्री स्टडी सेंटर एवं फ्री लाइब्रेरी की शुरुआत की गई। सेंटर का उद्घाटन चिकित्सक डॉ. एस.ए. आलम एवं जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर डॉ. एस.ए. आलम ने राष्ट्रध्वज फहराया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि शिक्षा समाज की सबसे बड़ी ताकत है। शिक्षा के माध्यम से व्यक्ति, परिवार और पूरे गांव का भविष्य बदला जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्टडी सेंटर और लाइब्रेरी शुरू होने से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को बिना किसी शुल्क के पढ़ाई का बेहतर माहौल मिलेगा। अब उन्हें पढ़ाई के लिए शहर जाने की जरूरत नहीं होगी।
वहीं चिकित्सक डॉ. एस.ए. आलम ने बताया कि सेंटर में कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क कोचिंग, लाइब्रेरी एवं कैरियर मार्गदर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए विद्यार्थियों का पंजीयन शुरू हो गया है।


उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है। खासकर छात्राओं के लिए यह सुविधा काफी महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि दूर जाकर पढ़ाई करने में होने वाली परेशानियों के कारण कई बच्चियां अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख पाती हैं। अब उन्हें घर के नजदीक सुरक्षित और निःशुल्क वातावरण में पढ़ने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने क्षेत्र के छात्र-छात्राओं से स्टडी सेंटर और लाइब्रेरी का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की अपील की। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि यह केंद्र ग्रामीण विद्यार्थियों को शिक्षा और कैरियर के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्रदान करेगा।


*राजद महासचिव राकेश पाण्डेय की मां मंजू देवी के निधन पर शोक की लहर – Doorbeen News*
राजद महासचिव राकेश पाण्डेय की मां मंजू देवी के निधन पर शोक की लहर






