व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
KSR कॉलेज और सैकड़ों मकान-दुकान बचाने की मांग, डीएम प्रतिनिधि ने लिया ज्ञापन
Doorbeen News Desk: सरायरंजन। पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के सरायरंजन खंड में प्रस्तावित एलाइनमेंट बदलने की मांग को लेकर गुरुवार को मुसरीघरारी चौराहे पर लोगों ने प्रदर्शन किया। पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे रूट सुधार जन संघर्ष समिति, सरायरंजन के बैनर तले हुए प्रदर्शन के दौरान करीब डेढ़ घंटे तक चौराहे पर जाम की स्थिति बनी रही।
प्रदर्शनकारियों ने मौजूदा एलाइनमेंट को जनविरोधी बताते हुए इसे बदलने, वैकल्पिक मार्ग लागू करने तथा तब तक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया रोकने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे एक्सप्रेस-वे निर्माण के विरोध में नहीं हैं, बल्कि ऐसा रूट चाहते हैं जिससे कम से कम घर, दुकान, संस्थान और ग्रामीण आबादी प्रभावित हो।
KSR कॉलेज को बचाने की उठी मांग
समिति की ओर से जिलाधिकारी को दिए आवेदन में दावा किया गया कि प्रस्तावित एलाइनमेंट से सरायरंजन अंचल में सैकड़ों मकान और दुकान प्रभावित हो सकते हैं। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, इससे KSR महाविद्यालय की इंटर बिल्डिंग पूरी तरह और डिग्री बिल्डिंग का कुछ हिस्सा प्रभावित होने की आशंका है। कॉलेज के खेल मैदान के बड़े हिस्से पर भी असर पड़ने की बात कही गई।
समिति ने मांग की कि आवासीय क्षेत्र, ग्रामीण आबादी, दुकानों और कॉलेज को कम से कम नुकसान पहुंचाने वाला वैकल्पिक एलाइनमेंट निर्धारित किया जाए।
पुराने वैकल्पिक प्रस्ताव पर निर्णय की मांग
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, 8 मई 2025 को जनप्रतिनिधियों की पहल पर प्रशासन और NHAI अधिकारियों की मौजूदगी में एक वैकल्पिक मार्ग का नक्शा प्रस्तावित किया गया था। समिति का दावा है कि इस विकल्प में वर्तमान एलाइनमेंट की तुलना में कम मकानों के प्रभावित होने तथा KSR कॉलेज की इमारत और खेल मैदान को बचाने की संभावना थी।
लोगों ने इसी वैकल्पिक प्रस्ताव पर जल्द निर्णय लेने की मांग की।
लगाए नारे, आगे आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने “जनविरोधी एलाइनमेंट वापस लो”, “KSR कॉलेज को बचाओ”, “सैकड़ों मकान-दुकान मत तोड़ो” और “एक्सप्रेस-वे का रूट बदलो” जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शन का नेतृत्व सुरेश महतो, उमेश झा, सुशील यादव, रंजीत कुमार साहनी, किशोरी प्रसाद शाह और रंजीत निर्गुणी सहित अन्य लोगों ने किया।
अधिकारियों ने संभाली यातायात व्यवस्था
प्रदर्शन और जाम की सूचना पर प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सरायरंजन सीओ निशांत कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार रंजन, मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित कर आवागमन सुचारु कराने का प्रयास किया।
प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग की। जिलाधिकारी के क्षेत्र से बाहर रहने के कारण उनके प्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर समिति का ज्ञापन लिया और उसे वरीय अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।


आश्वासन के बाद करीब डेढ़ घंटे में प्रदर्शन समाप्त हुआ और चौराहे पर यातायात सामान्य हो गया। समिति के सदस्यों ने चेतावनी दी कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आगे चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
*मध्य विद्यालय बेला पंचरुखी के प्रधानाध्यापक के पुत्र गौरव बने राज्य कर सहायक आयुक्त – Doorbeen News*
मध्य विद्यालय बेला पंचरुखी के प्रधानाध्यापक के पुत्र गौरव बने राज्य कर सहायक आयुक्त










