व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के उजियारपुर प्रखंड क्षेत्र से होकर गुजरने वाले पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे के निर्माण को लेकर उजियारपुर अंचल में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एक्सप्रेसवे के लिए करीब 176 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जानी है। इसके लिए 12 राजस्व गांवों के 2034 खेसरा के स्वामित्व का सत्यापन किया जाएगा।
भूमि स्वामियों को निर्धारित तिथियों पर संबंधित राजस्व गांव में आयोजित शिविर में पहुंचकर खेसरा पर अपने स्वामित्व से संबंधित आवश्यक साक्ष्य प्रस्तुत करना होगा। स्वामित्व सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एलपीसी (भूमि स्वामित्व प्रमाण-पत्र) जारी किया जाएगा। इसके बाद भू-अर्जन कार्यालय द्वारा संबंधित भू-स्वामियों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


उजियारपुर के सीओ अभिषेक आनंद ने बताया कि 12 अगस्त को चकदौलत, 13 अगस्त को अकहा बिशनपुर, 14 अगस्त को चंदौली, 17 अगस्त को बहादुरा, 18 अगस्त को छपरा, 19 अगस्त को महिसारी और 20 अगस्त को चैता राजस्व गांव में शिविर लगाया जाएगा। इन शिविरों में प्रतिनियुक्त कर्मी मौजूद रहेंगे और भू-स्वामी अपने स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत कर सकेंगे।
बताया गया है कि एक्सप्रेसवे उजियारपुर अंचल के चांदचौर करिहारा, चांदचौर, बाजिदपुर-नाजीरपुर, सातनपुर, माधोपुर, अकहा बिशनपुर, चकदौलत, निकसपुर, छपरा, चंदौली, महिसारी और चैता राजस्व गांव से होकर गुजरेगा।
पटना-पूर्णिया की दूरी होगी 235 किलोमीटर
पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे के निर्माण से दोनों शहरों के बीच की दूरी घटकर करीब 235 किलोमीटर रह जाएगी। वर्तमान में बेगूसराय और खगड़िया होकर पटना से पूर्णिया जाने वाले मार्ग की दूरी करीब 306 किलोमीटर है। वहीं मधुबनी, अररिया और फारबिसगंज होकर जाने वाले मार्ग की दूरी लगभग 366 किलोमीटर है।
नए एक्सप्रेसवे के निर्माण से न केवल पटना और पूर्णिया के बीच आवागमन आसान होगा, बल्कि सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर और मधेपुरा के उदय किशुनगंज की कनेक्टिविटी भी बेहतर होने की उम्मीद है।


*समस्तीपुर में कृषि योजनाओं की समीक्षा, खाद-बीज की कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश – Doorbeen News*
समस्तीपुर में कृषि योजनाओं की समीक्षा, खाद-बीज की कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश








