व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: उजियारपुर। स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता ने उजियारपुर रेलवे स्टेशन के समुचित विकास, सौंदर्यीकरण और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग रेल प्रशासन से की है। विधायक ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि उजियारपुर स्टेशन क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण केंद्र है, लेकिन पर्याप्त यात्री सुविधाओं के अभाव में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म पर शेड, शुद्ध पेयजल, शौचालय, वेटिंग रूम, बैठने की व्यवस्था और हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग की है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और आरपीएफ की तैनाती के साथ ट्रेनों की जानकारी के लिए डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाने की भी मांग की गई है।



उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से मांग है कि उजियारपुर से गुजरने वाली कुछ प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव उजियारपुर स्टेशन पर सुनिश्चित किया जाए। इससे स्थानीय यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
स्टेशन के सौंदर्यीकरण पर जोर देते हुए विधायक ने स्टेशन भवन के रंग-रोगन, परिसर की साफ-सफाई और हरियाली विकसित करने की मांग की। साथ ही स्टेशन के आसपास खाली पड़ी रेलवे की जमीन का उपयोग मार्केट कॉम्प्लेक्स, पार्किंग एवं फूड स्टॉल विकसित करने में करने का सुझाव दिया। उनका कहना है कि इससे यात्रियों को सुविधाएं मिलने के साथ रेलवे को अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त होगा।
विधायक आलोक कुमार मेहता ने रेल प्रशासन से जनहित में इन मांगों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उजियारपुर स्टेशन को आदर्श स्टेशन के रूप में विकसित करने का आग्रह किया है।


*चार लेबर कोड मजदूरों के गुलामी का दस्तावेज – महावीर पोद्दार – Doorbeen News*







