व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (ABVP) समस्तीपुर द्वारा बलिराम भगत महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आज महाविद्यालय प्रशासन का पुतला दहन किया गया। कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए छात्र हित में सभी लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की।
ABVP द्वारा महाविद्यालय प्रशासन को पूर्व में दिए गए मांग-पत्र में परिसर एवं मैदान की नियमित साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, सभी वर्गों में CCTV कैमरे लगाने, परिसर में साइकिल एवं बाइक स्टैंड की व्यवस्था, प्रयोगशालाओं का नियमित एवं सुचारु संचालन, छात्र-छात्राओं के लिए पूछताछ केंद्र, प्रवेश के लिए परिचय-पत्र अनिवार्य करने, कक्षाओं का नियमित संचालन, छात्राओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय, लाइब्रेरी को नियमित रूप से खोलने एवं वाई-फाई की व्यवस्था, छात्र एवं छात्रा कॉमन रूम की व्यवस्था, पेड़ एवं जेनरेटर को रातों रात बेचने की जांच, तालाब एवं पार्क का सौंदर्यीकरण, नामांकन काउंटर पर पंखा लगाने, सभी विभागों में नोटिस बोर्ड लगाने सहित अन्य मांगें शामिल हैं।


जिला संयोजक केशव माधव ने कहा कि “महाविद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को बुनियादी सुविधाओं के लिए लगातार परेशान होना पड़ रहा है। ABVP छात्र हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। प्रशासन को मांग-पत्र में उठाए गए सभी विषयों पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।”
प्रांत कार्यकारिणी सदस्य निक्कू आर्या ने कहा कि “महाविद्यालय केवल भवन और कक्षाओं का नाम नहीं है, बल्कि यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मूलभूत सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो विद्यार्थी परिषद् लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और व्यापक करेगी।”
सेवार्थ विद्यार्थी जिला संयोजक शुभम कुमार ने कहा कि “प्रयोगशालाओं, लाइब्रेरी, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति में सुधार आवश्यक है। छात्र-छात्राओं की समस्याओं को नजरअंदाज करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।”


नगर स्टूडोमेंट्रिक्स संयोजक प्रणव कुमार एवं नगर सह मंत्री कमलेश कुमार ने कहा कि “कक्षाओं का नियमित संचालन और विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना महाविद्यालय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। ABVP लगातार छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।”
नगर विनीत कुमार ने कहा कि “विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर परिषद् लगातार प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करा रही है। अब आवश्यकता है कि केवल आश्वासन के बजाय धरातल पर ठोस कार्रवाई दिखाई दे। मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।”
ABVP कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्र हित में उठाई गई मांगों पर सकारात्मक एवं समयबद्ध कार्रवाई होने तक विद्यार्थी परिषद् अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।


मौके पर केशव माधव, निक्कू आर्या, शुभम कुमार, रंजन कुमार, कमलेश कुमार, प्रणव कश्यप, मणिकांत कुमार, विनीत कुमार, नीतीश चौधरी, गोलू कुमार, दीपांशु कुमार, सोनू कुमार, शुभम कुमार, आशीष कुमार, राहत परवीन, नर्गिस परवीन, नूर शोभा, सोफिया परवीन, अंबिका भारती, रूबी कुमारी, संदीप कुमार सौरव कुमार, दीपक कुमार, नेहा कुमारी, रक्षा परवीन, आदि उपस्थित थे।
*मुसरीघरारी में साइकिल-बाइक की टक्कर में घायल व्यक्ति की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम – Doorbeen News*
मुसरीघरारी में साइकिल-बाइक की टक्कर में घायल व्यक्ति की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम






