व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत हथौड़ी थाना क्षेत्र के बल्लीपुर गांव वार्ड 16 में बीते गुरुवार छह अगस्त को संदिग्ध परिस्थिति में फांसी लगाकर महिला की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। घटना के दूसरे दिन शुक्रवार 7 अगस्त की देर शाम मृतका की बहन ने हथौड़ी थाना में लिखित आवेदन देकर मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने तथा निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है।
मधुबनी जिले के लौकही थाना अंतर्गत औरहा गांव निवासी स्व. सूर्यकांत मिश्रा की पुत्री गौरी मिश्रा ने अपनी सगी बहन पूजा देवी की संदिग्ध मौत के संबंध में थाना में आवेदन दिया है। आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना में दिए आवेदन में गौरी मिश्रा ने आरोप लगाया है कि उनकी सगी बहन पूजा देवी का विवाह करीब 16 वर्ष पूर्व हथौड़ी थाना क्षेत्र के बल्लीपुर गांव निवासी स्व. कमलेश्वर चौधरी के पुत्र काली मोहन चौधरी के साथ हुआ था। शादी के बाद दोनों के चार बच्चे हुए। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि वैवाहिक जीवन के दौरान पूजा देवी को उसके ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा दहेज एवं अन्य कारणों को लेकर लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।


आवेदन में सास इंदिरा देवी, ननद मिंटू देवी, बहनोई नंदलाल झा, नवीन झा, सुभाष झा तथा मौसी विमल देवी समेत अन्य लोगों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है। गौरी मिश्रा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि ससुराल में कथित रूप से लगातार उत्पीड़न किए जाने के कारण उनकी बहन पूजा देवी पिछले करीब चार वर्षों से हरियाणा के पानीपत में अपने दो बच्चों के साथ अलग रहकर जीवन यापन कर रही थी।
आवेदन के अनुसार जुलाई 2026 में पूजा देवी के पति काली मोहन चौधरी पानीपत पहुंचे और पूजा देवी एवं बच्चों को अपने साथ बल्लीपुर गांव ले आए। इसके कुछ समय बाद छह अगस्त को गौरी मिश्रा को पूजा देवी की मौत की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने मामले की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए पुलिस से इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

आवेदन में गौरी मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया है कि पूजा देवी के पति काली मोहन चौधरी ने विवाह के समय अपनी पूर्व वैवाहिक स्थिति को छिपाया था। उन्होंने पुलिस से आवेदन में दर्ज सभी तथ्यों की जांच कर काली मोहन चौधरी समेत नामजद लोगों के विरुद्ध हत्या एवं अन्य सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को तत्काल हिरासत में लेने और मृतका के चारों बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।
उन्होंने बच्चों को अपनी सुपुर्दगी में देने के लिए भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग पुलिस से की है। बताया जाता है कि छह अगस्त को बल्लीपुर गांव वार्ड 16 में पूजा देवी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल था। अब मृतका की बहन के लिखित आवेदन के बाद पुलिस के समक्ष मामले की जांच का दायरा बढ़ गया है। पुलिस आवेदन में लगाए गए आरोपों, घटना की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य तथा संबंधित लोगों के बयान जांच में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी।
हथौड़ी थानाध्यक्ष मौसम ने बताया कि मृतका की बहन गौरी मिश्रा की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

*एक दिवसीय शैक्षणिक कार्यशाला में शिक्षण पद्धति और बच्चों की रुचि बढ़ाने पर हुई चर्चा – Doorbeen News*
एक दिवसीय शैक्षणिक कार्यशाला में शिक्षण पद्धति और बच्चों की रुचि बढ़ाने पर हुई चर्चा






