व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत बंधार पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय नंदेनगर में शुक्रवार को सेवानिवृत्त शिक्षिका एवं स्थानांतरित शिक्षकों के सम्मान में भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाध्यापक राम मिलन साहनी तथा सभी शिक्षकों के सहयोग से आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षिका पूनम कुमारी के सेवानिवृत्त होने पर उनके शिक्षा क्षेत्र में दिए गए दीर्घकालीन योगदान की सराहना की गई।
वहीं स्थानांतरित शिक्षक शिक्षिकाओं निकिता चौहान, प्रधान शिक्षक विमल कुमारी, चांदनी कुमारी, कीर्ति कुमारी, मनीष कुमार एवं प्रधान शिक्षक अनिल कुमार को भी सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक राम मिलन सहनी ने की। इस अवसर पर प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सभापति शंभू शरण सिंह, सेवानिवृत्त बीईओ रामजन्म सिंह, पूर्व बीआरपी सह प्रधानाध्यापक बालमुकुंद सिंह, प्रधानाध्यापक सत्यनारायण आर्य, राजकुमार राय, प्रमोद कुमार, प्रदीप कुमार, प्रमोद सिंह, मृत्युंजय कुमार सिंह, श्रवण कुमार पासवान तथा रामाशीष सहनी सहित अन्य थे।



वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों की मजबूत नींव भी रखते हैं। उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षिका पूनम कुमारी के समर्पण, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं शिक्षा के प्रति उनके योगदान की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। साथ ही स्थानांतरित शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे अपने नए कार्यस्थलों पर भी शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
समारोह के दौरान सभी सम्मानित शिक्षकों को अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित शिक्षकों ने अपने संस्मरण साझा करते हुए विद्यालय में बिताए गए वर्षों को याद किया, जिससे वातावरण भावुक हो उठा। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक राम मिलन साहनी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार अपने सभी साथियों के योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद रखेगा। पूरे समारोह में आत्मीयता, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का अनूठा वातावरण देखने को मिला।



*सेल्फी लेने के दौरान बाया नदी में डूबने से इंजीनियरिंग छात्र की मौत – Doorbeen News*
सेल्फी लेने के दौरान बाया नदी में डूबने से इंजीनियरिंग छात्र की मौत






