व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें
हलई थाना क्षेत्र के अकौना गांव में वारदात, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य; खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर: जिले के हलई थाना क्षेत्र के दरबा पंचायत अंतर्गत अकौना गांव में रविवार देर रात एक युवक की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। घर में सो रहे युवक पर अज्ञात अपराधियों ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान रघुवीर सहनी, पिता मोती सहनी, निवासी अकौना गांव, थाना हलई के रूप में हुई है।
घर में घुसकर की हत्या
परिजनों के अनुसार, रघुवीर सहनी रविवार रात अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधी घर में घुस आए और कुल्हाड़ी से कई वार कर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुबह मिली लाश, गांव में मचा कोहराम
सोमवार सुबह परिजनों ने जब रघुवीर सहनी का शव खून से लथपथ देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। इस जघन्य हत्या से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
सूचना मिलते ही हलई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से खून से सनी एक कुल्हाड़ी भी बरामद की है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
कई बिंदुओं पर जांच जारी
सदर-1 के एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया गया है और एफएसएल टीम द्वारा उनकी वैज्ञानिक जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान कर रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
एसडीपीओ ने बताया कि संभावित आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है। विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का उद्भेदन कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस आपसी रंजिश, पारिवारिक विवाद सहित अन्य सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।



*समस्तीपुर में पैसों के लेन-देन को लेकर चली गोली, मौके से दो खोखा बरामद – Doorbeen News*
समस्तीपुर में पैसों के लेन-देन को लेकर चली गोली, मौके से दो खोखा बरामद









