समस्तीपुर रेल मंडल में CBI की बड़ी कार्रवाई: APO-2 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, घर से पिस्टल और कारतूस बरामद

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम कार्यालय में गुरुवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार्मिक विभाग के सहायक कार्मिक पदाधिकारी (APO-2) अरुण कुमार मंडल को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद रेल मंडल कार्यालय में दिनभर हड़कंप मचा रहा।

जानकारी के अनुसार, CBI ने ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने के बाद यह ट्रैप कार्रवाई की। शिकायत डीलिंग क्लर्क अमृत राज ने करीब 45 दिन पहले की थी। आरोप था कि एपीओ-2 ने स्थानांतरण के बदले एक लाख रुपये की मांग की थी। योजना के तहत गुरुवार को 50 हजार रुपये लेते समय CBI ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद CBI टीम ने अरुण कुमार मंडल और शिकायतकर्ता अमृत राज को पूछताछ के लिए ललित कला केंद्र स्थित रेलवे ऑफिसर्स क्लब ले गई। कई घंटों की पूछताछ के बाद मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अमृत राज को छोड़ दिया गया।

घर की तलाशी में मिला अवैध हथियार

CBI ने आरोपी के सरकारी आवास की तलाशी भी ली। तलाशी के दौरान वहां से एक गैर-लाइसेंसी पिस्टल, दो मैगजीन और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई।

CBI के पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार सिंह के आवेदन पर नगर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पत्नी और बेटी से भी पूछताछ

तलाशी अभियान के दौरान CBI ने आरोपी की पत्नी और बेटी से भी पूछताछ की। बाद में उन्हें भी दस्तावेजी प्रक्रिया के लिए रेलवे ऑफिसर्स क्लब ले जाया गया, जहां पूछताछ पूरी होने के बाद वापस भेज दिया गया।

दिसंबर में होने वाले थे सेवानिवृत्त

सूत्रों के अनुसार, अरुण कुमार मंडल का करीब पांच वर्ष पहले सहायक कार्मिक पदाधिकारी (APO-2) के पद पर प्रमोशन हुआ था। इससे पहले वे वाणिज्य विभाग में सीओएस के पद पर कार्यरत थे। उनकी सेवानिवृत्ति इसी वर्ष दिसंबर 2026 में प्रस्तावित थी।

एसपी ने की बरामदगी की पुष्टि

समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि CBI की सूचना पर आरोपी के घर से एक पिस्टल, दो मैगजीन और नौ कारतूस बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसी के आवेदन पर नगर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वहीं पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र ने कहा कि CBI से आधिकारिक रिपोर्ट या पत्र मिलने के बाद ही रेलवे की ओर से इस मामले में विस्तृत प्रतिक्रिया दी जाएगी।

*उजियारपुर में दलित नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म मामले में ऐपवा का प्रतिरोध मार्च, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग – Doorbeen News*

उजियारपुर में दलित नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म मामले में ऐपवा का प्रतिरोध मार्च, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *