व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: सोनपुर। रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन ने गुरुवार को विभिन्न समपार फाटकों एवं लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संरक्षा, निर्माण गुणवत्ता, जल निकासी और आम लोगों की सुविधा से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत सोनपुर–भगवानपुर रेलखंड के समपार फाटक संख्या-4 (स्पेशल) पर निर्मित लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) से हुई। डीआरएम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और स्थानीय लोगों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि समपार फाटकों के स्थान पर LHS का निर्माण रेल और सड़क दोनों यातायात के लिए अधिक सुरक्षित एवं सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करता है।



इसके बाद परमानंदपुर–नयागांव रेलखंड के समपार फाटक संख्या-9C तथा दिघवारा–बड़ागोपाल रेलखंड में अंबिका भवानी हॉल्ट के समीप स्थित समपार फाटक संख्या-18 का निरीक्षण किया गया। इस दौरान समपार फाटकों की सुरक्षा व्यवस्था, सड़क संपर्क, चेतावनी संकेतक और भविष्य की विकास योजनाओं की समीक्षा की गई।
मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी संरक्षा संबंधी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं तथा निर्माण और अनुरक्षण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।


उन्होंने कहा कि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा समपार फाटकों के उन्मूलन और सुरक्षित विकल्पों के विकास की दिशा में सोनपुर मंडल लगातार कार्य कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय), वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-प्रथम सहित अन्य रेल अधिकारी मौजूद रहे। डीआरएम ने कहा कि भारतीय रेल का उद्देश्य केवल तेज और समयबद्ध रेल परिचालन ही नहीं, बल्कि यात्रियों और आमजन को सुरक्षित, आधुनिक एवं सुविधाजनक आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना भी है।


*शिक्षा विधेयक के विरोध में विमेंस कॉलेज के शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर किया कार्य – Doorbeen News*
शिक्षा विधेयक के विरोध में विमेंस कॉलेज के शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर किया कार्य





