व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। समस्तीपुर रेलवे जंक्शन पर एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। प्लेटफॉर्म नंबर-1 से तीन वर्षीय मासूम के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। घटना के बाद जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार उजियारपुर थाना क्षेत्र के मालती वार्ड-9 निवासी कंचन देवी अपने तीन वर्षीय बेटे केतन के साथ दरभंगा स्थित मायके में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। मंगलवार दोपहर वह समस्तीपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ट्रेन का इंतजार कर रही थीं। उनका आरोप है कि दोपहर करीब 3:30 बजे उन्हें झपकी लग गई। इसी दौरान उनका बेटा प्लेटफॉर्म पर खेल रहा था। जब उनकी नींद खुली तो बच्चा वहां नहीं था।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। महिला ने जीआरपी थाने में आवेदन देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बच्चे के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई है।


पीड़िता का दावा है कि स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बच्चे को गमछे से ढककर अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। इसी आधार पर पुलिस संदिग्ध की पहचान और बच्चे की तलाश में जुटी है।
जीआरपी अधिकारियों के अनुसार बच्चे की बरामदगी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। रेलवे स्टेशन के सभी प्रवेश और निकास मार्गों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। साथ ही अन्य तकनीकी माध्यमों से भी आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि करीब एक महीने पहले भी समस्तीपुर रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से एक बच्चे का अपहरण हुआ था। उस मामले में जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोतिहारी से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया था और बच्चा चोरी करने वाले गिरोह का भी खुलासा किया था। अब दोबारा इसी तरह की घटना सामने आने से स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


फिलहाल पुलिस का कहना है कि बच्चे की सकुशल बरामदगी सर्वोच्च प्राथमिकता है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
मुख्य बातें
- समस्तीपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से तीन वर्षीय बच्चे के कथित अपहरण का मामला।
- मां को झपकी आने के दौरान प्लेटफॉर्म से गायब हुआ मासूम।
- सीसीटीवी में संदिग्ध व्यक्ति बच्चे को गमछे से ढककर ले जाता दिखने का दावा।
- जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम जांच में जुटी, फुटेज खंगाले जा रहे।
- एक महीने पहले भी इसी प्लेटफॉर्म से बच्चे के अपहरण की घटना हो चुकी है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल उठे हैं।


*आरोग्य मंदिर’ बना वीरान! समस्तीपुर के हरपुर अलौथ स्वास्थ्य उपकेंद्र में महीनों से नहीं पहुंचे CHO, दवा रहते भी मरीज लौट रहे खाली हाथ – Doorbeen News*





