व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। जिले के हरपुर अलौथ स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल होने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पदस्थापित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) कुमार सौरभ पिछले कई महीनों से नियमित रूप से ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं, जिससे मरीजों को इलाज और दवा दोनों से वंचित होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, सीएचओ दिसंबर 2025 से ही उपकेंद्र नहीं पहुंचे हैं। हालांकि अन्य कर्मचारी आते हैं, लेकिन चिकित्सकीय सेवाएं प्रभावित होने से मरीजों को बिना इलाज और दवा के वापस लौटना पड़ता है। लोगों का दावा है कि उपकेंद्र में करीब 147 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं, लेकिन चिकित्सकीय देखरेख नहीं होने के कारण इनका लाभ आम मरीजों तक नहीं पहुंच पा रहा है। कई दवाओं की एक्सपायरी होने की भी आशंका जताई जा रही है।



स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार ने गांव-गांव बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से उप स्वास्थ्य केंद्रों को ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ के रूप में विकसित किया है, लेकिन हरपुर अलौथ में स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। उनका कहना है कि जब केंद्र का जिम्मेदार अधिकारी ही अनुपस्थित रहे तो स्वास्थ्य व्यवस्था कैसे सुधरेगी।
ग्रामीणों ने इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार से शिकायत की है। ग्रामीणों के मुताबिक, सिविल सर्जन ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब लोगों की निगाहें विभागीय जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।



*समस्तीपुर में ज्वेलरी दुकान में लूट की कोशिश, विरोध करने पर व्यवसायी को मारी गोली; CCTV में कैद हुई वारदात – Doorbeen News*





