व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करे
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त कार्रवाई में 20504 राजधानी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक युवक के कब्जे से 26 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रेल थाना से मिली जानकारी के अनुसार, 15/16 जुलाई 2026 की रात समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस के एच-1 कोच में जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सीट संख्या C/10 पर रखे एक लाल रंग के ट्रॉली बैग और एक पिठू बैग की तलाशी ली गई। जांच के दौरान दोनों बैगों से कुल 26 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।



गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरमान आलम, पिता मकबूल आलम, निवासी मटिआरा वार्ड संख्या-7, गिद्वा ओपी क्षेत्र, जिला भोजपुर (आरा), बिहार के रूप में हुई है।
बरामद गांजा को जब्त कर आरोपी को रेल थाना समस्तीपुर के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि गांजा की यह खेप कहां से लाई गई थी, इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था और इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच एजेंसियां पूरे गिरोह की कड़ियां खंगालने में जुटी हैं।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि स्टेशन और ट्रेनों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



*समस्तीपुर में जाली टिकट रैकेट का खुलासा: फर्जी टिकट के साथ सफर करते 4 यात्री दबोचे, गिरोह की तलाश में जुटी रेलवे पुलिस – Doorbeen News*





